किसान दिवस: सीएम योगी ने किसानों को किया सम्मानित, बोले- धरतीपुत्रों के हितों की रक्षा करना सभी का धर्म

किसान दिवस पर सीएम योगी ने किसानों को सम्मानित किया। उन्हें ट्रैक्टर की चाबी सौंपी। कहा कि किसान के हितों की रक्षा करना सभी का धर्म है। सरकार किसानों की उन्नति के लिए लगातार कार्य कर रही है।

राजधानी लखनऊ में मंगलवार को किसान दिवस के अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहुंचे। उन्होंने प्रगतिशील किसानों को सम्मानित किया। साथ ही कई किसानों को ट्रैक्टर की चाबी सौंपा।

इस मौके पर सीएम ने कहा कि प्रदेश के किसानों के हितों की रक्षा करना सभी का धर्म है। किसानों की उन्नति के लिए प्रदेश सरकार लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने किसानों से भारत माता के जयकारे के साथ देश और प्रदेश के विकास में योगदान देने के लिए अपील की।

नए-नए अनुसंधान करके कृषि क्षेत्र को नया आयाम देने का प्रयास- कृषि मंत्री

कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि हम जय जवान जय किसान और जय विज्ञान के सहारे तरक्की की नई इमारत लिख रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अब इस नारे में जय अनुसंधान भी जोड़ दिया है। इससे विकास की गति और तेज हो गई है। भविष्य की रणनीति के तहत नए-नए अनुसंधान करके कृषि क्षेत्र को नया आयाम देने का प्रयास किया जा रहा है। ताकि, वर्ष 2047 के विकसित भारत का सपना साकार हो सके।

ये लोग रहे मौजूद

कार्यक्रम में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, कृषि राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख, पशुपालन मंत्री धर्मपाल सिंह और उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह सहित कई मंत्री व आरएलडी के सभी विधायक शामिल रहे।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com