गोवा, मणिपुर और मेघालय में छोटी पार्टी होने के बाद भी गठबंधन से सरकार बनाने वाली भाजपा ने कर्नाटक में इस क्रम को तोड़ दिया। इसे येन केन प्रकारेण सत्ता के विस्तारीकरण की मंशा बताकर नाराज कांग्रेसियों ने गुरुवार को दोमुहे पुतले का दहन किया। पुतला दहन में कांग्रेस विधायक सोहेल अंसारी और महानगर अध्यक्ष हरप्रकाश अग्निहोत्री के हाथ झुलस गए तो कांग्रेस कार्यकर्ता ममता तिवारी के कपड़े जल गए।
तिलक हाल से महानगर अध्यक्ष के नेतृत्व में कांग्रेसी जुलूस निकाल नारेबाजी करते हुए कोतवाली चौराहा पहुंचे। यहां कांग्रेसियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के खिलाफ नारेबाजी करते हुए दोमुहे पुतले को आग के हवाले कर दिया। महानगर अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार न केवल लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ कर रही है। पुतला दहन के दौरान इकबाल अहमद, कमल जायसवाल, अशोक धानविक, कमल शुक्ल बेबी, ग्रीनबाबू सोनकर, सरिता सेंगर, किरन गुप्ता आदि उपस्थित रहे।
कानपुर दक्षिण : कर्नाटक में भाजपा को सरकार बनाने का आमंत्रण दिए जाने से आक्रोशित यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता गुरुवार को अध्यक्ष शिवनाथ नारायण शुक्ला के नेतृत्व में गुरुवार शाम रामादेवी चौराहा पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने पुतला जलाने से पहले नारेबाजी शुरू कर दी। पुतला छीनने के लिए पुलिस और कार्यकर्ताओं ने छीनझपटी हुई। इस बीच कार्यकर्ताओं ने पुतले को आग के हवाले कर दिया जबकि पुलिस ने दूसरा पुतला छीन लिया। इंस्पेक्टर चकेरी अजय सेठ ने बताया कि पुतला जलाने वाले यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। पुतला फूंकने वालों में रमेश चंद्र अवस्थी, पप्पू सोनी, अनिल सेंगर, हसन अली उर्फ गुड्डू, ओमप्रकाश समेत आदि मौजूद रहे।
महिला अपराध के प्रति जागरूक हों
महिलाओं के प्रति अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। ऐसे में जागरुक होना बेहद जरूरी है। गुरूवार को स्टॉक एक्सचेंज सभागार में आयोजित कार्यक्रम में अखिल भारतीय महिला कांग्रेस महासचिव अनुपमा रावत ने महिलाओं को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि दुष्कर्म व बलात्कार की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं इसलिए अब जरूरत है कि महिलाएं एकजुट हों। प्रीति तिवारी ने कहा कि लगातार हो रही घटनाओं से महिलाओं में भय है। इसके चलते जागो बहनों जागो जागरुकता अभियान चलाया जा रहा है। कार्यक्रम में अरुण शर्मा, नीलम चतुर्वेदी, माया बाजपेई, आरती मिश्रा, राजलक्ष्मी सिंह आदि उपस्थित रहीं।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal