उत्‍तराखंड में बारिश और भूस्खलन से जन जीवन हुआ अस्त-व्यस्त, कई मार्ग बंद

 प्रदेश में सड़कों पर भूस्खलन की मार जारी है। रुद्रप्रयाग में बुधवार को केदारनाथ समेत पूरे जिले में बादल छाए हुए हैं। गौरीकुंड हाईवे चौथे दिन भी बांसवाड़ा, डोलिया देवी, मुनकटिया में अवरुद्ध है। केदारनाथ पैदल मार्ग पर यात्रा सुचारु है। वहीं चमोली में बारिश अभी थमी है। बदरीनाथ हाईवे पीपलकोटी भनारपानी लामबगड़ पागलनाला में बंद है। उधर, चोपता गोपेश्वर मोटर मार्ग भी मंडल से आगे बंद है।

उत्तरकाशी में गंगोत्री हाईवे भी मलबा आने से बंद है। पिथौरागढ़ जिले में चीन सीमा को जोड़ने वाले थल-मुनस्यारी, तवाघाट-लिपुलेख मार्ग, नाचनी-बांसबगड़ मार्ग पर भी आवाजाही नहीं हो पा रही है। हरिद्वार में गंगा चेतावनी रेखा को पार कर गई है। हालात को देखते हुए प्रशासन सतर्क है। प्रदेश में लगातार हो रही बारिश और भूस्खलन से जनजीवन अस्त-व्यस्त है। गढ़वाल और कुमाऊं में 100 से ज्यादा सड़कें मलबा आने से बाधित हैं।

उत्तरकाशी जिला मुख्यालय से 45 किलोमीटर दूर थिरांग नामक स्थान पर हुए जबरदस्त भूस्खलन से गंगोत्री हाईवे बाधित हो गया। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल ने बताया कि हाईवे करीब 50 मीटर हिस्से में भारी बोल्डर पड़े हुए हैं। सीमा सड़क संगठन की टीम मलबा हटाने में जुटी है। कुमाऊं में भी हालात गंभीर हैं। बारिश का सर्वाधिक असर पिथौरागढ़, चंपावत व बागेश्वर में देखने को मिल रहा है। पिथौरागढ़ जिले के मुनस्यारी में खलिया टॉप में भी भूस्खलन शुरू हो गया है। इससे कुमाऊं मंडल विकास निगम का पर्यटक आवास गृह खतरे की जद में आ गया है।

बारिश में हुए नुकसान से भड़के क्षेत्रवासियों ने विधायक को घेरा

कैंट विधानसभा के अंतर्गत आने वाली टीचर्स कॉलोनी में बारिश के कारण हुए नुकसान से भड़के स्थानीय निवासियों ने इसके लिए विधायक को जिम्मेदार ठहराया है। समय पर बरसाती नाले के किनारे सुरक्षा कार्य न कराने का आरोप लगाते हुए क्षेत्रवासियों ने मंगलवार को कैंट विधायक हरबंस कपूर का घेराव किया और मुआवजे की मांग की।

सोमवार को हुई भारी बारिश के कारण टीचर्स कॉलोनी में नाले के उफान पर आने से क्षेत्रवासियों के घरों में पानी और मलबा घुस गया था। इससे कुछ घरों की दीवारें भी गिर गईं, जबकि घरों में रखा सामान खराब हो गया। आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता रविंद्र सिंह आनंद ने मंगलवार को क्षेत्रीय विधायक हरबंस कपूर को फोन के माध्यम से यह जानकारी देकर मौके पर बुलाया। विधायक कॉलोनी में पहुंचे तो क्षेत्रवासियों ने उनका घेराव कर दिया। साथ ही विधायक की गाड़ी के आगे खड़े होकर नारेबाजी की। इसको लेकर विधायक की क्षेत्रवासियों के साथ नोकझोंक भी हुई।

रविंद्र सिंह आनंद ने बताया कि क्षेत्रीय निवासी इंदिरा और उमा कोठारी ने पूर्व में ही क्षेत्रीय विधायक से सुरक्षा कार्य कराने की मांग की थी, लेकिन उनकी बात को गंभीरता से नहीं लिया गया। विजय कुमार के मकान से बारिश के दौरान मलबे के साथ बहे लोहा, सरिया, पाइप, खिड़कियों आदि को नगर निगम की टीम ने रख लिया है। इसे वापस दिलाया जाए।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com