उत्तराखंड में 26 दिसंबर से मौसम बदल रहा है। राज्य के पर्वतीय इलाकों में बारिश और बर्फबारी का अनुमान है। 28 दिसंबर को पूरे प्रदेश में बारिश हो सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पुर्वानुमान के अनुसार, शनिवार को राज्य में मौसम शुष्क रहेगा। 26 को उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।

तीन हजार मीटर से अधिक ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी का अनुमान है। बाकी जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। 27 दिसंबर को राज्य के सभी पर्वतीय जिलों में बारिश का अनुमान है। बर्फबारी भी हो सकती है। 28 दिसंबर को पूरे उत्तराखंड में हल्की बारिश की संभावना है। 2500 मीटर और इससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक 29 दिसंबर को बारिश और बर्फबारी में बढ़ोतरी हो सकती है।
30 दिसंबर को भी बारिश के आसार हैं। देहरादून में शनिवार को मौसम साफ रहेगा। सुबह के समय हल्का कुहासा छा सकता है। शुक्रवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 22.3 और न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस रहा। दून में धूप खिलने से ठंड से राहत मिली है। अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस ऊपर चल रहा है। वहीं, मुक्तेश्वर में शुक्रवार अधिकतम 13.2 और न्यूनतम तापमान 2.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal