देहरादून, धामी सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे यशपाल आर्य की कांग्रेस में वापसी के बाद रिक्त हुए मंत्री पद के अब भरे जाने के आसार नहीं हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इसके संकेत दिए। उन्होंने कहा कि अभी सरकार में सब विभाग सब जगह पहुंच गए हैं। इस पर जो निर्णय होगा बाद में देखेंगे।

उत्तराखंड सरकार में अहम दायित्व संभाल रहे मंत्री यशपाल आर्य अपने पुत्र विधायक संजीव आर्य के साथ हाल में कांग्रेस में शामिल हो गए थे। परिणामस्वरूप धामी कैबिनेट में एक मंत्री पद रिक्त होने के बाद से ही इसे भरने को लेकर चर्चाएं जोरों पर हैं। हाल में ही भाजपा विधायक उमेश शर्मा काऊ को पार्टी की ओर से मंत्री पद का भरोसा दिए जाने की चर्चा थी। उनके दिल्ली दौरे और पार्टी के केंद्रीय नेताओं से मुलाकात को इससे जोड़कर देखा गया। हालांकि, विधायक काऊ ने इससे इन्कार किया था।
शनिवार को अयोध्या जाने से पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मीडिया से बातचीत में संकेत दिए कि मंत्रिमंडल में रिक्त हुए मंत्री पद को फिलहाल रिक्त ही रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी विभाग सब जगह पहुंच गए हैं। जाहिर है कि यशपाल आर्य के पास जो विभाग थे, वे उनके इस्तीफा देने के बाद स्वत ही मुख्यमंत्री में निहित हो गए। आर्य परिवहन, आबकारी व समाज कल्याण विभाग देख रहे थे। अब जबकि विधानसभा चुनाव में थोड़ा ही समय शेष रह गया है तो मुख्यमंत्री भी मंत्री पद को भरने में शायद ही रुचि लें।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal