गुजरात टाइटंस ने गुरुवार को अपने घर अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू को चार विकेट से हरा दिया। इसी के साथ गुजरात ने पिछले मैच में मिली हार का बदला भी ले लिया। आरसीबी द्वारा दिए गए 156 रनों के टारगेट को गुजरात ने आसानी से हासिल कर लिया।
इस मैच के बाद प्वाइंट्स टेबल पर ज्यादा कुछ असर नहीं पड़ा है। दोनों ही टीमें अपने-अपने स्थान पर कायम हैं। हालांकि, आरसीबी के पास जो नंबर-1 बनने का मौका था वो चला गया है।
दूसरे नंबर पर आरसीबी
इस हार के बाद आरसीबी अपने दूसरे नंबर पर ही काबिज है। उसके नौ मैचों में छह जीत और एक हार के बाद 12 अंक हैं। अगर वह गुजरात को हरा देती तो फिर पंजाब किंग्स को हटाकर पहले नंबर पर पहुंच जाती। पंजाब के आठ मैचों में छह जीत और एक हार के बाद 13 अंक हैं। उसका एक मैच बारिश के कारण रद हो गया था। सनराइजर्स हैदराबाद की टीम नौ मैचों में छह जीत और तीन हार से 12 अंक लेकर तीसरे स्थान पर है। आरसीबी नेट रन रेट के मामले में आगे है और इसलिए दूसरे नंबर पर है।
वहीं राजस्थान के भी 12 अंक हैं। उसका नेट रन रेट आरसीबी और हैदराबाद से खराब है इसलिए वह चौथे नंबर पर हैं। मैच खेलने और हार-जीत के मामले में वह दोनों टीमों के बराबर ही है। आरसीबी को मात देने के बाद गुजरात के 10 अंक हो गए हैं जो उसे नौ मैचों में पांच जीत और चार हार के बाद मिले हैं। वह पहले भी पांचवें नंबर पर थी और अभी भी इसी नंबर पर है।
आखिरी पांच में हैं ये टीमें
पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स आठ मैचों में तीन जीत और पांच हार से छह अंक लेकर छठे स्थान पर है। दिल्ली कैपिटल्स की स्थिति भी चेन्नई जैसी है और वो सातवें स्थान पर है। कोलकाता नाइट राइटडर्स आठ मैचों में दो जीत और पांच हार के बाद पांच अंक लेकर आठवें नंबर पर है। मुंबई के भी हिस्से आठ मैचों में से छह में हार आई है और दो में जीत, जिससे उसके चार अंक हैं और वह नौवें नंबर पर है। लखनऊ सुपर जायंट्स के आंकड़े भी मुंबई की ही तरह हैं, लेकिन नेट रन रेट में वह पीछे है इसलिए सबसे आखिरी नंबर पर यानी 10वें स्थान पर है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal