आपकी सेहत भी छीन रही हैं रील्स: पाचन, एजिंग और नींद पर पड़ता है सीधा असर

आजकल हर किसी के हाथ में स्मार्टफोन है और खाली समय मिलते ही इंस्टाग्राम, फेसबुक या यूट्यूब पर शॉर्ट वीडियो स्क्रॉल करना हमारी एक आम आदत बन चुकी है। यह देखने में भले ही एक सिंपल टाइमपास लगे, लेकिन घंटों तक स्क्रीन पर नजरें टिकाए रखने की यह आदत आपके शरीर और दिमाग को अंदर ही अंदर नुकसान पहुंचा रही है।

जी हां, दिल्ली के पीएसआरआई अस्पताल की कंसल्टेंट साइकोलॉजिस्ट, अर्पिता कोहली के अनुसार जरूरत से ज्यादा रील्स देखना धीरे-धीरे सेहत से जुड़ी कई समस्याओं का कारण बन सकता है।

त्वचा पर असर और समय से पहले बुढ़ापा
क्या आपको अपनी त्वचा बेजान लगने लगी है? अगर हां, तो इसका एक बड़ा कारण आपकी मोबाइल स्क्रीन हो सकती है। देर रात तक रील्स देखने से हमारी नींद पूरी नहीं हो पाती है। इसके अलावा, स्क्रीन से निकलने वाली ब्लू लाइट शरीर के हार्मोनल संतुलन को बिगाड़ देती है और नींद लाने वाले हार्मोन ‘मेलाटोनिन’ के प्रोडक्शन को कम कर देती है। इसका सीधा असर हमारी त्वचा पर पड़ता है, जिससे चेहरे की चमक छिन जाती है और समय से पहले झुर्रियां भी आने लगती हैं।

पाचन से जुड़ी समस्याएं
हममें से कई लोगों को खाना खाते समय भी लगातार रील्स देखने की आदत होती है। जब हमारा ध्यान खाने के बजाय मोबाइल पर होता है, तो हमें यह पता ही नहीं चलता कि हमने कितना खा लिया है, जिससे ओवरईटिंग की आदत बढ़ जाती है। ध्यान भटकने की वजह से पाचन तंत्र ठीक से अपना काम नहीं कर पाता। लंबे समय तक यह आदत बनी रहे, तो आपको गैस, एसिडिटी और अपच जैसी पेट की समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com