जम्मू-कश्मीर को रणजी खिताब दिलाने में अहम रोल निभाने वाले आकिब नबी को टीम इंडिया में जगह मिली है। वह श्रीलंका दौरे पर टीम के साथ गए हैं। जसप्रीत बुमराह के चोटिल होने के बाद नबी का नंबर आया है। नबी को लेकर भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज वसीम जाफर ने कहा है कि उन्हें रिप्लेसमेंट के तौर पर नहीं आना था।
जाफर का मानना है कि नबी वो खिलाड़ी जिन्हें प्राथमिक टीम में होना था और उन्हें बतौर रिप्लेसमेंट नहीं लाना चाहिए थे। हालांकि, जाफर इस बात से खुश हैं कि किसी भी तरह नबी की टीम इंडिया में एंट्री तो हो गई।
टीम में आने के हकदार
जाफर ने कहा है कि नबी टीम इंडिया में आने के हकदार थे और उनका नाम टीम में देख उन्हें खुशी हुई है। जाफर ने अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए कहा, “ये बड़ी बात है और खुशी का पल है। आप सही हैं कि इतना शानदार प्रदर्शन करने के बाद उन्हें रिप्लेसमेंट के तौर पर नहीं आना था बल्कि फर्स्ट प्लेस में टीम में रहना था। लेकिन न कभी से देर भली। मैं उनके लिए काफी खुश हूं क्योंकि वह शुरुआती टीम में जगह बनाने के हकदार थे।”
उठ रहे थे सवाल
नबी के लगातार अच्छे प्रदर्शन के बाद भी जब उन्हें टीम इंडिया में जगह नहीं मिल रही थी तब सेलेक्शन कमेटी पर सवाल उठ रहे थे। कहा जा रहा था कि अजीत अगरकर की अध्यक्षता वाली सीनियर सेलेक्शन कमेटी उन्हें नजरअंदाज कर रही है। अफगानिस्तान के खिलाफ इकलौते टेस्ट मैच में जब युवा खिलाड़ियों को मौका मिला और उसमें नबी का नाम नहीं था तब भी सेलेक्शन कमेटी को काफी कुछ सुनने को मिला। श्रीलंका दौरे पर टीम चयन के समय भी ऐसा ही हुआ। हालांकि, बुमराह के चोटिल होने के बाद जब नबी का नाम टीम में आया तो सभी ने इस फैसले को सराहा।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal