1991 बैच के आईएफएस अधिकारी भारत सरकार में अतिरिक्त सचिव अनवर हलीम को जॉर्डन में भारत का राजदूत नियुक्त किया गया है। वे इस समय नेशनल डिफेंस कॉलेज में कार्यरत हैं। जल्द ही वे जॉर्डन में अपना नया दायित्व संभालेंगे।
अनवर को सुरक्षा व रणनीतिक मामलों का विशेषज्ञ माना जाता है।
आईएफएस अधिकारी अनवर हलीम इजिप्ट, यूएई और सऊदी अरब के भारतीय मिशन में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उन्हें विदेश मंत्रालय के अलग अलग विभागों में काम करने का विशाल अनुभव है। जॉर्डन के साथ कूटनीतिक रिश्तोें को मजबूत करने के लिहाज से उनकी नियुक्ति को अहम माना जा रहा है।
अनवर ने जेएनयू से भारतीय इतिहास और अंतरराष्ट्रीय अध्ययन विषयों में एमए की डिग्री हासिल की है। उन्होंने एमबीए फाइनेंस और एलएलबी की पढ़ाई भी की है। अनवर का विशिष्ट शैक्षणिक रिकार्ड रहा है और लोकसेवा के मामले में उनका विस्तृत अनुभव है।
हलीम ने कई विदेशी दूतावासों में अलग अलग दायित्व के साथ काम किया है। राजनीतिक, आर्थिक, सांस्कृतिक व सामुदायिक मामलों में उनके काम को काफी सराहना मिली है। क्राइसिस मैनेजमेंट से जुड़े दायित्व भी उन्होंने बखूबी निभाए हैं। उन्हें खाड़ी देशों और अन्य मुस्लिम देशों में काम करने का विशाल अनुभव रहा है।
साउथ ब्लॉक में उन्होंने कई अलग अलग पदों पर काम किया है। वे श्रीलंका के लिए डेस्क आफिसर रहे। बाद में उन्हें लातिन अमेरिकी देशों का निदेशक बनाया गया था। वे खाड़ी देशों से जुड़े मामलों के भी निदेशक रहे हैं। वे भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद – आईसीसीआर के उप महानिदेशक भी रहे। वे इंडिया काउंसिल आफ वल्र्ड अफेयर से भी जुड़े रहे। उनकी साहित्य व लेखन में भी काफी रुचि रही है। वे एक हिंदी मैगजीन से भी जुड़े रहे हैं।
 Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal
 
		
 
 
						
 
						
 
						
 
						
 
						
