हाथरस में लाठीचार्ज के बाद अब किसानों के हाथ में लाठी आ गई है : जयंत चौधरी

लोकतंत्र बचाओ महापंचायत : हाथरस में लाठीचार्ज के बाद किसान के हाथ में लाठी आ गई है। इसका बदला 2022 में वोट की चोट से दिया जाएगा। यह बात राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जयंत चौधरी ने सोमवार को मथुरा में हुई लोकतंत्र बचाओ महापंचायत में कही। उन्होंने किसानों से योगी सरकार को उखाड़ फेंकने की हामी भरवाकर आंदोलन का एलान किया। साथ ही 17 अक्तूबर को बुलंदशहर महापंचायत में पहुंचने की अपील की। महापंचायत में इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो), समाजवादी पार्टी (सपा) और अकाली दल भी रालोद के साथ नजर आए।

लोकतंत्र बचाओ महापंचायत को संबोधित करते हुए जयंत चौधरी ने रालोद को किसानों का हित चिंतक बताया। उन्होंने श्रीकृष्ण की जन्मस्थली को अपने दादा पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की कर्मस्थली बताया। जयंत ने कहा कि योगी सरकार को उखाड़ फेंकने तक यह लड़ाई जारी रहेगी। रालोद उपाध्यक्ष ने महापंचायत में उमड़ी भीड़ के सामने नारा दिया। उत्तर-प्रदेश की पुलिस से बैर नहीं, योगी की खैर नहीं।

महापंचायत में शिरोमणि अकाली दल के नेता एवं पूर्व सांसद जगमीत सिंह बराड़, सपा के पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव, इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला और सपा के एमएलसी संजय लाठर ने रालोद के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलने का एलान किया। इन नेताओं ने जयंत चौधरी पर हाथरस में हुए लाठीचार्ज को लेकर योगी सरकार की निंदा की। साथ ही चौधरी चरण सिंह, चौधरी देवीलाल और प्रकाश सिंह बादल का हवाला देते हुए एकजुटता बनाकर जयंत चौधरी को केंद्र की राजनीति में पहुंचाने की वकालत भी की।

शिरोमणि अकाली दल के नेता जगमीत सिंह बराड़ ने कहा कि देश की राजनीति में नया मोड़ आ गया है। मधुसूदन (श्रीकृष्ण) की धरती से इसका आगाज हो गया है। फिरकापरस्त ताकतों से लड़ने के लिए एकजुटता से जबाव दिया जा सकता है। किसान की पगड़ी का सम्मान बरकरार रखा जाएगा। बराड़ ने कहा कि भाजपा ने देश की 73 प्रतिशत की दौलत एक प्रतिशत के हाथों में सौंप दी है। मोदी ने देश को गुमराह किया है। धरतीपुत्र, मजदूर, दलित समेत संघ विचारधारा के खिलाफ आगे आना होगा, तभी इन्हें हराया जा सकता है।

इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला ने कहा कि बेटी पढ़ाओ, बेटी बचाओ और बेटी बढ़ाओ का नारा देने वालों की सरकारों में बहन-बेटियां सुरक्षित नहीं है। यूपी में तो बहुत ही बुरा हाल है। चौधरी चरण सिंह, देवीलाल और प्रकाश सिंह बादल की तरह अब हम सभी भाजपा के खिलाफ एकजुट होकर आंदोलन करेंगे और मोदी और योगी सरकार को सत्ता से हटाकर ही दम लेंगे।

रालोद की महापंचायत को लेकर पुलिस ने राजस्थान सीमा पर चेकिंग अभियान चलाया। राजस्थान से आने वाले लोगों से पूछताछ की गई। मगोर्रा थाना प्रभारी शशिप्रकाश शर्मा ने बताया कि रालोद की महापंचायत को लेकर उच्चाधिकारियों के आदेश पर कई मार्गों पर पुलिस तैनात की गई। शहर में भी पुलिस अलर्ट रही।

 

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com