लॉकडाउन के चलते देशभर में लोग अभी भी फंसे हुए हैं। ऐसे में उन्हें आर्थिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बॉलीवुड भी इससे अछूता नहीं है।
अभी कुछ दिनों पहले अभिनेता राजेश करीर ने फेसबुक से आर्थिक मदद की अपील की थी जिसके बाद बहुत से लोगों ने उनकी मदद की। ताजा मामला फिल्म ‘मुन्नाभाई एमबीबीएस’ में काम कर चुके अभिनेता सुरेंद्र राजन का है।
80 साल के सुरेंद्र राजन एक वेब सीरीज की शूटिंग के लिए मुंबई पहुंचे थे लेकिन लॉकडाउन की वजह से शूटिंग कैंसिल हो गई। ऐसे में वो बीते तीन महीने से मुंबई में फंसे हुए हैं। सुरेंद्र राजन के बारे में जैसे ही सोनू सूद को पता चला वो मदद के लिए आगे आए हैं।
स्थानीय मीडिया के मुताबिक सोनू सूद ने सुरेंद्र राजन से तुरंत फोन पर बात की और उनसे सारी जानकारियां लीं। सुरेंद्र मध्य प्रदेश के सतना के रहने वाले हैं।
सोनू सूद ने उन्हें 18 जून को ट्रेन से सतना भेजने का वादा किया है। सुरेंद्र राजन का कहना है कि ‘सोनू जो कुछ भी कर रहे हैं वो बहुत अद्भुत है। मैं हैरान हूं कि कैसे वो ये सबकुछ कर रहे हैं। आपके अंदर इच्छाशक्ति ना हो तो ये सब नहीं किया जा सकता।’
संजय दत्त के साथ काम कर चुके सुरेंद्र राजन उन्हें अपने बेटे की तरह मानते हैं। वो अभी भी संजय दत्त से संपर्क में हैं हालांकि वो किसी से मदद नहीं मांगना नहीं चाहते। सुरेंद्र पेशे से बड़े पेंटर और फोटोग्राफर हैं। काम के सिलसिले में उनका मुंबई आना जाना होता रहता है।
सुरेंद्र राजन का मकान मालिक किराए को लेकर उनके पीछे पड़ा हुआ था। तब उनके एक शिष्य ने तीन महीने के 45 हजार रुपये दिए। साथ ही कुछ संस्थाओं ने उनके लिए राशन का इंतजाम कर दिया।
फिलहाल सुरेंद्र मुंबई से चले जाना चाहते हैं। मुंबई से निकलकर वो अजयगढ़ स्थित एक फार्महाउस में जाएंगे जहां वो पेटिंग सिखाने का काम करते हैं।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal
