भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने लखनऊ महानगर के कार्यकर्ताओं को बूथ को मजबूत करने का मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि बूथ मजबूत होने से ही चुनाव में जीत की राह आसान होगी। उन्होंने लखनऊ के प्रत्येक मंडल को सक्षम, समर्थ और सक्रिय करने का आह्वान किया। वह श्याम सत्संग भवन में आयोजित लखनऊ महानगर के मंडल अध्यक्षों और मंडल प्रभारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक मंडल व सेक्टर की महीने में दो बार और बूथ समिति की महीने में एक बार नियमित बैठक होनी चाहिए। महीने के अंतिम रविवार को हर बूथ पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम को सुनने के लिए बूथ समिति की बैठक करें। उन्होंने मंडल प्रभारियों को महीने में कम से कम चार दिन मंडल में प्रवास करने को कहा।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कार्यकर्ता यह लक्ष्य तय करें कि इस साल के अंत तक उनके मंडल में कोई भी व्यक्ति भूखा या बिना कंबल के न सोए। लखनऊ के प्रभारी एवं प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ला, अवध के क्षेत्रीय अध्यक्ष शेष नारायण मिश्र और महानगर अध्यक्ष मुकेश शर्मा ने भी बैठक को संबोधित किया। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष ने मंडल प्रभारी और मंडल अध्यक्षों के साथ घर से आए टिफिन से भोजन भी किया।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal
