समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव आज मथुरा के बाजना स्थित मोरकी इंटर कॉलेज मैदान में किसान महापंचायत को संबोधित करेंगे। उनके साथ राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के उपाध्यक्ष जयंत चौधरी मंच साझा करेंगे। महापंचायत से पहले गुरुवार को अखिलेश यादव ने वृंदावन के बांकेबिहारी मंदिर में ठाकुरजी के दर्शन कर पूजा-अर्चना की।
अखिलेश यादव गुरुवार शाम को वृंदावन पहुंचे। सबसे पहले उन्होंने यहां ठाकुर श्रीबांकेबिहारी के दर्शन किए। शुक्रवार को वह मोरकी इंटर कॉलेज मैदान में किसानों को संबोधित करेंगे। किसान महापंचायत से पहले अखिलेश यादव ने बांकेबिहारी मंदिर में दर्शन की तस्वीर को ट्वीट करते हुए लिखा, आज उठेगी कृष्ण की धरती से हलधर बलराम की पुकार, किसानों की महापंचायत बदलेगी अपने देश का इतिहास!
श्रीबांकेबिहारी के दर्शन को आए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा के पास विकास का अपना कोई ब्लूप्रिंट नहीं है। पूर्व सरकारों की परियोजनाओं का उद्घाटन हो चुका है अब फिर से उन्हीं का उद्घाटन करने में ये व्यस्त हैं। उन्हीं कार्यों का प्रचार भी मुख्यमंत्री कर रहे हैं। भाजपा विकास के नाम पर विनाश की राजनीति कर रही है।
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि देश के अन्नदाता को आतंकवादी कहा जा रहा है। समाज का हर तबका भाजपा सरकार से त्रस्त है। महंगाई अपने चरम पर है। तेल की बढ़ती कीमतों से उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाया जा रहा है। उत्तर प्रदेश महिलाओं के लिए सर्वाधिक असुरक्षित हो गया है। हाथरस कांड इसका सबसे बड़ा उदाहरण है। जहां सरकार के इशारे पर प्रशासनिक अमला अपराधियों को बचाने में जुटा रहा।
सपा मुखिया ने गंगा-यमुना और गोवंश संरक्षण के नाम पर भाजपा सरकार को घेरते हुए कहा कि इनके नाम पर सत्ता में आई सरकार इन्हीं के साथ धोखा कर रही है। गंगा, यमुना और गोवंश संरक्षण की स्थिति किसी से छिपी नहीं है। योगी जी अपनी नाकामी को छुपाते हुए दिल्ली सरकार पर ठीकरा फोड़ रहे हैं।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal
