महाराष्ट्र के ठाणे जिले में लगातार बारिश की वजह से भूस्खलन की खबर सामने आ रही है। इस भूस्खलन ने अब तक दो लोगों की जान ले ली है। ठाणे में भूस्खलन के बाद ऑटो-रिक्शा पर बड़ा पत्थर गिरने से एक व्यक्ति और एक नाबालिग लड़के की मौत हो गई जबकि एक महिला घायल बताई जा रहा है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह घटना कल्याण-अहमदनगर राजमार्ग पर मंगलवार शाम को हुई, जिसके बाद मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा। टोकावडे पुलिस स्टेशन के निरीक्षक दिनकर चकोर ने पीटीआई को बताया कि एक परिवार के पांच सदस्य पड़ोसी मुंबई के मुलुंड से अहमदनगर जिले के संगमनेर जा रहे ऑटो-रिक्शा में यात्रा कर रहे थे। उन्होंने बताया कि वाहन पर 15-20 किलोग्राम वजन का पत्थर गिरा।
55 वर्षीय महिला गंभीर रूप से हुई घायल
पड़ोसी पुणे जिले के ओटूर पुलिस स्टेशन के सहायक पुलिस निरीक्षक लहू ताथे ने बताया कि राहुल बबन भालेराव (30) और उनके भतीजे स्वयं सचिन भालेराव (7) की मौत हो गई। एक अन्य अधिकारी ने बताया कि 55 वर्षीय महिला गंभीर रूप से घायल हो गयी। सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे और शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal