बेअंत सिंह हत्याकांड के मास्टरमाइंड आतंकवादी महल सिंह की पाकिस्तान में मौत हो गई है। महल सिंह बब्बर भारत में कई बड़ी आतंकी वारदातों में शामिल था। वहीं बेअंत सिंह की सरकार बनते ही उसे बीकेआई का डिप्टी चीफ घोषित किया गया था।
पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह हत्याकांड के मास्टरमाइंड आतंकी महल सिंह बब्बर की पाकिस्तान में मौत हो गई है। उसकी दोनों किडनियां फेल हो गई थीं और वह लाहौर के एक निजी अस्पताल में भर्ती था, जहां उसने मंगलवार को अंतिम सांस ली।
बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) के डिप्टी चीफ का लाहौर के श्मशान घाट में अंतिम संस्कार किया गया। भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे कस्बा खेमकरण के गांव दासूवाल से संबंधित महल सिंह बब्बर के खिलाफ अमृतसर, जालंधर, गुरदासपुर, फरीदकोट, फिरोजपुर में कई बड़ी आतंकी वारदातों को अंजाम देने के मामले दर्ज हैं।
बेअंत सिंह की सरकार बनते ही उन्हें बीकेआई का डिप्टी चीफ घोषित किया गया था। वर्ष 1993 में वह पुलिस से बचने के लिए पाकिस्तान भाग गया था। महल सिंह का भाई भी आतंकी था, जिसकी वर्षों पहले मौत हो चुकी है।
पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह की हत्या के मामले में इस आतंकी को मास्टरमाइंड के रूप में जाना जाता रहा है। वर्ष 2002-03 में आतंकी महल को फ्रांस में देखा गया था, जिसके बाद उसे फ्रांस से भारत लाने की कवायद शुरू की थी, लेकिन वह वापस पाकिस्तान लौट गया।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal