असम विधानसभा के लिए चुनावी बिसात बिछ चुकी है. असम की सत्ता तक पहुंचने के लिए हर दल, हर खेमा पूरा जोर लगा रहा है. सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) जहां सत्ता बचाए रखने के लिए जोर लगा रही है, वहीं विपक्षी कांग्रेस अपने सबसे मजबूत किले की खोई सत्ता वापस पाने के लिए कोई कोर कसर नहीं छोड़ना चाहती. दोनों ही दलों ने चुनाव प्रचार के लिए अपने-अपने स्टार प्रचारकों की भारी-भरकम फौज उतार दी है.
कांग्रेस की ओर से राहुल गांधी के बाद अब प्रियंका गांधी भी असम की प्रचार भूमि में उतरने को तैयार हैं. प्रियंका गांधी 21 और 22 मार्च को ताबड़तोड़ रैलियां कर अपनी पार्टी के उम्मीदवारों के पक्ष में मतदान करने की अपील जनता से करेंगी. प्रियंका गांधी दो दिन में सात रैलियां करेंगी. 21 मार्च यानी रविवार को प्रियंका गांधी तीन रैलियों को संबोधित करेंगी. प्रियंका गांधी की ये तीन रैलियां जोरहाट, नजीरा और खुमताई में होनी हैं.
22 मार्च को प्रियंका गांधी की चार रैलियां होंगी. प्रियंका गांधी की पहली चुनावी रैली शारुपाथर में होगी. प्रियंका कलिआबोर में दूसरी और बोर्डोवा सत्र में तीसरी रैली को संबोधित करेंगी. नगांव के बोर्डोवा में प्रियंका दिन की अपनी चौथी और अंतिम रैली को संबोधित करेंगी. गौरतलब है कि कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी असम के लिए पार्टी की स्टार प्रचारकों की सूची में भी शामिल हैं.
कांग्रेस की असम के लिए स्टार प्रचारकों की सूची में पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री डॉक्टर मनमोहन सिंह, सचिन पायलट जैसे नेताओं को भी जगह दी गई है. हालांकि, पार्टी के कई स्टार प्रचारकों की असम में अब तक रैलियां आयोजित नहीं हुई हैं.
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal
