संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने सिविल सेवा परीक्षा 2025 में चयनित उम्मीदवारों के लिए विस्तृत एडवायजरी जारी की है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि यूपीएससी में चयनित उम्मीदवार सोशल मीडिया पर ऐसी पोस्ट करने से बचें जिनका गलत अर्थ निकाला जा सकता है या जो आपके प्रचार करने से जुड़ी हो।
यूपीएससी ने चयनित उम्मीदवारों को सलाह दी है कि सोशल मीडिया पर किया गया कोई भी अव्यवसायिक कृत्य या निजी प्रचार उनकी सेवा और संस्थान की छवि को धूमिल कर सकता है। इसलिए अपनी उपलब्धियों को व्यावसायिक प्रचार के लिए इस्तेमाल करने से बचें।
हर साल जारी होता है निर्देश
दरअसल, संघ लोक सेवा आयोग द्वारा इस तरह की सलाह हर साल अनुशंसित उम्मीदवारों को जारी की जाती है, लेकिन इस वर्ष की सलाह अधिक विस्तृत है। आयोग ने चयनित उम्मीदवारों को सोशल मीडिया की समझदारी के साथ उपयोग करने की बात कही है।
आयोग ने उम्मीदवारों को ‘आवेगपूर्ण’ बयानों से बचने, खुद का प्रचार-प्रसार करने और व्यावसायिक संस्थाओं से दूरी बनाए रखने की सलाह दी है।
आयोग ने क्यों लिया ऐसा फैसला?
आयोग से जुड़े अधिकारियों के अनुसार, यह सलाह दो कारणों से महत्वपूर्ण है। वार्षिक परिणाम घोषित होने के बाद, कई कोचिंग संस्थान सफल उम्मीदवारों को अपना छात्र बताते हैं और अक्सर प्रचार के लिए उनके नाम और तस्वीरों का इस्तेमाल करते हैं।
आयोग को पिछले एक वर्ष में अधिकारियों द्वारा सोशल मीडिया का इस्तेमाल करके खुद का प्रचार और ब्रांडिंग करने की शिकायतें भी मिली हैं।
आयोग ने क्या कहा?
संघ लोक सेवा आयोग ने चयनित अभ्यर्थियों को लेकर दी गई सलाह में कहा, “आप एक ऐसे सेवा क्षेत्र में प्रवेश कर रहे हैं जिसमें सार्वजनिक आचरण में निष्पक्षता, सत्यनिष्ठा और संयम की आवश्यकता होती है। इसलिए व्यावसायिक/संस्थागत समर्थन से पेशेवर दूरी बनाए रखना और यह सुनिश्चित करना विवेकपूर्ण है कि आपकी उपलब्धियों का उपयोग निजी लाभ या प्रचार के लिए न किया जाए।”
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal