Oscars में धर्मेंद्र को नहीं किया गया याद, फैंस का हॉलीवुड पर फूटा गुस्सा

ऑस्कर 2026 के ‘इन मेमोरियम’ सेगमेंट ने कई लोगों की आंखें नम कर दीं। कैथरीन ओ’हारा से लेकर रॉब राइनर तक, इस बड़ी रात में कई बड़े नामों को याद किया गया। लेकिन भारतीय प्रशंसक उस समय निराश हो गए जब 98वें एकेडमी अवार्ड्स में धर्मेंद्र का जिक्र नहीं हुआ। कई नाराज फैंस ने सोशल मीडिया पर जाकर अपनी नाराजगी जाहिर की और अवॉर्ड शो को फटकार लगा दी।

मेमोरियम खंड में था अभिनेता का नाम
फरवरी 2026 में आयोजित 79वें ब्रिटिश एकेडमी फिल्म अवार्ड्स के ‘इन मेमोरियम’ खंड में धर्मेंद्र को याद किया गया था। लेकिन इस साल के ऑस्कर के ‘मेमोरियम’ (श्रद्धांजलि) सेक्शन से इस अभिनेता का नाम नदारद रहा, जिससे उनके फैन्स काफी नाराज और निराश हुए।

फैंस ने शो को लगाई फटकार
एक फैन ने लिखा, ‘ऑस्कर में उन लोगों की लिस्ट दिखाई गई जिनका पिछले साल निधन हो गया था, लेकिन उसमें धर्मेंद्र का जिक्र नहीं था। जो एक महान भारतीय अभिनेता हैं और जिन्होंने अपनी पूरी जिंदगी सिनेमा को समर्पित कर दी। जब हमारे दिग्गजों को कोई पहचान ही नहीं मिलती, तो इतना शोर-शराबा क्यों? आखिर यह मुख्य रूप से हॉलीवुड का शो है, न कि सचमुच अंतर्राष्ट्रीय’।

‘प्रियंका का इस्तेमाल करना बंद करें’- यूजर
वहीं एक अन्य यूजर ने कमेंट किया, ‘ऑस्कर या फिर बस एक हॉलीवुड PR शो? सिनेमा में 60 साल बिताने के बाद भी, बॉलीवुड के दिग्गज धर्मेंद्र को ‘In Memoriam’ श्रद्धांजलि में नजरअंदाज़ करना बेहद शर्मनाक है। अगर आप हमारे दिग्गजों का सम्मान नहीं कर सकते, तो अपनी पब्लिसिटी के लिए प्रियंका का इस्तेमाल करना बंद करें। यह सचमुच इंटरनेशनल नहीं है’।

एक और नेटिजन ने लिखा, ‘धर्मेंद्र जैसी हस्ती ऑस्कर की श्रद्धांजलि में जगह पाने की हकदार थी। दुख की बात है कि हमारे आइकन्स को नजरअंदाज़ किया जाता है, जबकि हम लगातार सुनते रहते हैं कि भारत की वैश्विक छवि लगातार बेहतर हो रही है’।

ईशा देओल ने कही ये बात
हालांकि, ईशा देओल का मानना है कि उनके पिता की यादें और विरासत वैश्विक अवॉर्ड समारोहों से मिलने वाली पहचान से कहीं ज्यादा बड़ी हैं। उन्होंने एक न्यूज पोर्टल को बताया, ‘मुझे नहीं लगता कि इससे पापा को कभी कोई फर्क पड़ेगा। उनका दिल हमेशा से इतना बड़ा रहा है कि वे ऐसी छोटी-मोटी बातों की परवाह नहीं करते। उनके लिए जिंदगी कभी पहचान या रुतबे के बारे में नहीं थी। बल्कि यह प्यार, दयालुता और लोगों के दिलों में उनकी जगह के बारे में थी’।

नवंबर 2025 में अभनेता ने दुनिया को कहा अलविदा
हालांकि, बाद में एकेडमी ने ऑस्कर की आधिकारिक वेबसाइट पर ‘इन मेमोरियम’ (In Memoriam) की एक लिस्ट जारी की। जिसमें भारतीय सिनेमा की कई जानी-मानी हस्तियों को शामिल किया गया था, जिनमें धर्मेंद्र, मनोज कुमार, बी. सरोजा देवी और कोटा श्रीनिवास राव शामिल थे।

इन एक्टर्स को मिला सम्मान
पिछले कुछ सालों में, ऑस्कर के ‘इन मेमोरियम’ सेगमेंट में कई भारतीय फ़िल्मी हस्तियों को सम्मानित किया गया है, जिनमें नितिन चंद्रकांत देसाई, इरफान खान, भानु अथैया, श्रीदेवी और शशि कपूर शामिल हैं।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com