MLC 2026: सुनील नरेन और होल्डर ने मिलकर चमकाई नाइट राइडर्स की किस्मत

लॉस एंजिलिस नाइट राइडर्स ने ओकलैंड में खेले गए मुकाबले में वॉशिंगटन फ्रीडम को एक रन से मात देकर मेजर लीग क्रिकेट-2026 का खिताब अपने नाम कर लिया है। इसी के साथ नाइट राइडर्स की टीम ने पहली बार ये ट्रॉफी उठाई है। इस जीत में वेस्टइंडीज के दो दिग्गज सुनील नरेन और जेसन होल्डर का अहम रोल रहा।

पहले बल्लेबाजी करते हुए नाइट राइडर्स ने 19.4 ओवरों में 164 रनों की स्कोर खड़ा किया। फ्रीडम की टीम 20 ओवरों में नौ विकेट खोकर 163 रन ही बना पाई। नरेन और होल्डर ने तीन-तीन विकेट लेकर फ्रीडम के मुख्य बल्लेबाजों को जल्दी पवेलियन भेज दिया।

शुरुआत में ही कर दिया घायल

165 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी फ्रीडम की टीम को नरेन ने शुरुआती झटके लेकर घायल कर दिया। मिचेल ओवन को तीसरे ओवर की दूसरी गेंद पर नरेन ने आउट कर दिया। वह नौ रन ही बना सके। रचिन रवींद्र पांचवें ओवर की दूसरी गेंद पर नरेन का दूसरा शिकार बने। उनके बल्ले से सिर्फ सात रन ही निकले। नरेन ने अपना अगला शिकार स्टीव स्मिथ को बनाया जो आठ रन बनाकर आउट हो गए। फ्रीडम ने 29 रनों पर ही अपने तीन विकेट खो दिए थे।

फिर निखिल चौधरी और आंद्रेस गाउस ने पारी को कुछ हद तक संभाला। दोनों ने टीम का स्कोर 94 रनों तक पहुंचा दिया था। यहीं निखिल आउट हो गए। उनका विकेट होल्डर ने लिया। निखिल के बल्ले से निकले 25 रन। होल्डर ने फिर बेन ड्वारशुइस को आउट कर फ्रीडम को पांचवां झटका दिया। वह सिर्फ एक रन ही बना सके। होल्डर ने ही आंद्रेस को आउट किया। यह बल्लेबाज 35 गेंदों पर दो चौके और दो छक्कों की मदद से 40 रन बनाने में सफल रहे।

ओब्स पीनार ने अंत में अकेले लड़ाई लड़ते हुए टीम को जीत दिलाने की कोशिश तो की, लेकिन आखिरी ओवरों में टीम एक रन से चूक गई। ओब्स 24 गेंदों पर तीन चौके और पांच छक्कों की मदद से 53 रन बनाने में सफल रहे। उनका विकेट आखिरी ओवर की दूसरी गेंद पर गिरा नहीं तो फ्रीडम की टीम ये मैच अपने नाम कर सकती थी।

मुनरो और फ्लैचर ने बचाई लाज

इस मैच में बेशक नाइट राइडर्स की टीम जीत गई है, लेकिन ये जीत उसे आसानी से नहीं मिली। किस्मत का साथ उसे मिला। बल्लेबाजी में तो टीम बुरी तरह से फेल रही। कोलिन मुनरो और आंद्रे फ्लेचर की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 66 रन जोड़े। जैसे ही ये जोड़ी टूटी वैसे ही टीम बिखर गई। इन दोनों के अलावा मैथ्यू ट्रोम्प तीसरे बल्लेबाज रहे जो दहाई के अंक में पहुंच सके। फ्लेचर को निखिल ने आउट किया। वह 27 गेंदों पर सात चौके और एक छक्के की मदद से 47 रन बनाने में सफल रहे। आंद्रे रसेल खाता तक नहीं खोल पाए।

मुनरो को रचिन रवींद्र ने आउट किया। वह 29 गेंदों पर छह छक्कों की मदद से 40 रन बनाने में सफल रहे। जैसे ही मुनरो का विकेट गिरा नाइट राइडर्स की बल्लेबाजी बिखर गई और पूरी टीम 19.4 ओवरों में ढेर हो गई।

फ्रीडम के लिए बेन ने तीन विकेट अपने नाम किए। मिचेल ओवेन, निखिल और रचिन रवींद्र के हिस्से दो-दो विकेट आए।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com