मुंबई में कमर्शियल एलपीजी की भारी कमी के कारण 35-40% रेस्टोरेंट प्रभावित हुए हैं। AHAR अध्यक्ष ने चेतावनी दी है कि यदि कमी जल्द दूर नहीं हुई तो 60 फीसद रेस्टोरेंट बंद हो सकते हैं।
मुंबई के रेस्टोरेंट में कमर्शियल LPG की कमी का बुरा असर पड़ देखने को मिल रहा है। इंडियन होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन (AHAR) के सूत्रों के मुताबिक, मुंबई में 35-40 फीसद लोगों ने अपने रेस्टोरेंट बंद कर दिए हैं या फिर उन्होंने अपने मेन्यू और सर्विस में कटौती की है।
मुंबई में जिन रेस्टोरेंट में ऐसा देखने को मिल रहा है, वो ज्यादातर आइलैंड सिटी में हैं। इसके पीछे की वजह है कि यहां के रेस्टोरेंट PNG पाइपलाइन नेटवर्क न होने के कारण LPG सिलेंडरों पर ज्यादा निर्भर हैं।
LPG गैस की कमी से रेस्टोरेंट बंद
AHAR के पदाधिकारियों के अनुसार, एलपीजी गैस की कमी से प्रभावित 40 फीसद रेस्टोरेंट में से करीब 20 फीसद रेस्टोरेंट पूरी तरह से बंद हो गए हैं। वहीं बाकी 20 फीसद रेस्टोरेंट ने मेन्यू में व्यंजनों की संख्या को कम कर दिया है।
घाटकोपर का होटल आनंद इस समय बंद हो गया है। माटुंगा के रामआश्रय ने अपने मेन्यू में 50 फीसद की कटौती की है, जबकि बांद्रा के सोल फ्राई ने अपनी लंच सेवा निलंबित कर दी है और सैंडविच, सलाद और स्टीम्ड व्यंजन पेश करना शुरू कर दिया है।
एलपीजी गैस का संकट
एएचएआर के अध्यक्ष विजय शेट्टी ने कहा, ‘अगर एक-दो दिन के भीतर इस कमी को दूर नहीं किया गया, तो संकट और गहरा सकता है और प्रभावित होटलों का प्रतिशत 60 फीसद तक पहुंच सकता है।’
विजय शेट्टी ने आगे बताया, ‘शहर में बड़ी संख्या में होटल मालिकों के पास ऐसे सिलेंडर हैं जो केवल गुरुवार शाम तक ही चल सकते हैं।’
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, रेस्टोरेंट के मालिकों का कहना है कि LPG सिलेंडरों की कालाबाजारी के कारण उनकी लागत बढ़ रही है। कुछ लोगों ने इस संकट से निपटने के लिए इंडक्शन स्टोव का इस्तेमाल करना शुरू कर दिया है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal