ईरानी जनरल कासिम सुलेमानी की भतीजी को लेकर उसके पुराने बॉयफ्रेंड ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। यह बातें तब सामने आई जब शुक्रवार को, 47 साल की हमीदेह सुलेमानी अफशर को लॉस एंजिल्स के तुजुंगा इलाके में स्थित उसके घर से पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।
ईरान से कथित संबंध होने के आरोप
अफशर, दिवंगत ईरानी सैन्य नेता जनरल सुलेमानी की भतीजी है। उसकी 25 साल की बेटी सरिनासादात हुसैनी को भी हिरासत में लिया गया है। दरअसल, इन दोनों पर इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान से कथित संबंध होने के आरोप है। जिसके कारण इन दोनों के ग्रीन कार्ड को रद्द कर दिया गया था।
पुराने बॉयफ्रेंड ने किए चौंकाने वाले खुलासे
वहीं, गिरफ्तारी के बाद लॉस एंजिल्स के हेयरड्रेसर जारे मंदानी (54) ने अफशर को लेकर कई बयान दिए। मंदानी ने ‘द पोस्ट’ से कहा कि “भगवान का शुक्र है, यह बहुत अच्छा हुआ। वह एक स्टॉकर है, जो पागल की तरह पीछा करती थी। अब उसे देश से बाहर भेजा जाएगा। वह कोई सामान्य इंसान नहीं है।”
उन्होंने आगे कहा “मैं उसे दो बार कोर्ट ले गया। उसने मुझे बहुत ज्यादा परेशान किया। मैंने उससे प्यार से कहा कि वह मुझे अकेला छोड़ दे और मैंने उसे ब्लॉक भी कर दिया, लेकिन उसने मेरी एक न सुनी।’ मंदानी के अनुसार अफशर से वे पहली बार एक पार्टी में मिले थे। जहां उसने देखा कि अफशर ने एक ‘विग’ (नकली बाल) लगा रखी थी। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हो गई।
खुद को नुकसान पहुंचाने की दी थी धमकी
घरेलू हिंसा से जुड़े सुरक्षा आदेश के लिए कोर्ट में जमा किए गए कागजों में, उन्होंने अपने रिश्ते को “हम एक-दूसरे को डेट कर रहे हैं, या पहले डेट करते थे” के तौर पर बताया था। हालांकि, ‘द पोस्ट’ से बातचीत में उन्होंने कहा कि वे दोनों सिर्फ दोस्त थे।
इन कागजों में अफशर पर “भावनात्मक रूप से परेशान करने, तंग करने, बार-बार अनचाहे फोन करने, आने-जाने में रुकावट डालने, और काम की जगह पर मुझे काम करने से रोकने” जैसे आरोप लगाए गए थे। इसके साथ ही, यह भी बताया गया था कि उसने “खुद को नुकसान पहुंचाने की धमकी भी दी थी।
2021 में मिला था ग्रीन कार्ड
जानकारी के अनुसार अफशर साल 2015 में ‘टूरिस्ट वीजा’ पर अमेरिका आई थी। इसके बाद साल 2019 में उसे ‘शरण’ (asylum) मिल गई और 2021 में वह ‘ग्रीन कार्ड’ धारक बन गई। उसकी बेटी साल 2021 में ‘स्टूडेंट वीजा’ पर अमेरिका आई थी और 2023 में उसे भी ‘ग्रीन कार्ड’ मिल गया। इन दोनों ने कई बार वापस ईरान की यात्रा की थी, जिसकी वजह से अमेरिकी अधिकारियों को उन पर शक होने लगा था।
ईरान के सुप्रीम लीडर की तारीफ की थी
स्टेट डिपार्टमेंट के अनुसार, अफशर ने अमेरिकी सैनिकों और सैन्य ठिकानों पर हमलों का जश्न मनाया था। ईरान के सुप्रीम लीडर की तारीफ की थी, अमेरिका को “बड़ा शैतान” कहा था, और इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स – जिसे एक आतंकवादी संगठन घोषित किया गया है। उसके लिए अपना समर्थन जाहिर किया था।
‘द पोस्ट’ के अनुसार, अफशर किराए के घर में रहती थी, लेकिन लॉस एंजिल्स की बेहद लग्जरी लाइफ जीती थी। उसके सादे से घर के अंदर, एक सेल्फी रिंग लाइट और एक पूरे आकार का मैनिक्विन रखा था। जिस पर वह अपने डिजाइनर लेबल वाले कपड़े टांगती थी। वह एक काली टेस्ला कार भी चलाती थी।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal