FSSAI की घटिया खाद्य पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई जारी

खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने वीकेसी नट्स प्राइवेट लिमिटेड और छेड़ा स्पेशलिटीज फूड्स प्राइवेट लिमिटेड का लाइसेंस निलंबित कर दिया है। स्वच्छता और कीड़ों की रोकथाम से जुड़े नियमों के गंभीर उल्लंघन के कारण यह कार्रवाई की गई है।

एफएसएसएआई ने शनिवार को इंटरनेट मीडिया पोस्ट में कहा कि उत्तर प्रदेश स्थित वीकेसी नट्स का लाइसेंस गंभीर खाद्य सुरक्षा उल्लंघनों के कारण निलंबित किया गया है। इसके परिसर के निरीक्षण के दौरान पिस्ता के भंडारण क्षेत्र में जिंदा कीड़े पाए गए।

कच्चे माल के भंडारण क्षेत्र की दीवारों और छतों पर भारी मात्रा में काली फफूंद (मोल्ड/फंगस) भी दिखी। कंपनी प्रसंस्करण क्षेत्र में जंग लगे, गंदे और क्षतिग्रस्त मशीनरी का उपयोग कर रही थी।

प्लास्टिक की ट्रे, चाकू और कंटेनर भी पुराने क्षतिग्रस्त और गंदे पाए गए। जीवित छिपकली को फ्यूमिगेशन चेंबर के पास जमीन पर घूमते हुए देखा गया, जहां अंजीर (फिग्स) बिना ढके क्रेट में रखा गया था।

प्रसंस्करण क्षेत्रों में खाद्य पदार्थों पर मक्खियां बैठी दिखीं। कीट नियंत्रण के उपाय प्रभावहीन दिखे।

एक अन्य कार्रवाई में एफएसएसएआई ने खाद्य सुरक्षा के हित में महाराष्ट्र की कंपनी छेड़ा स्पेशलिटीज फूड्स प्राइवेट लिमिटेड का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।

कंपनी में निरीक्षण के दौरान श्रमिक सड़े कचरे के पास गंदे फर्श पर बैठकर केले छीलते दिखे रहे थे।

एफएसएसएआई ने कहा कि निलंबन तब तक प्रभावी रहेगा जब तक कंपनी प्रभावी स्वच्छता और स्वास्थ्य प्रथाओं, कीट नियंत्रण, अपशिष्ट प्रबंधन, बुनियादी ढांचे की मरम्मत और कर्मचारियों के प्रशिक्षण सहित व्यापक सुधारात्मक उपाय नहीं करती।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com