अप्रैल में दिल्ली विधानसभा परिसर में हुई सुरक्षा चूक के बाद अब इसकी सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने की तैयारी शुरू कर दी गई है। विधानसभा परिसर की चारदीवारी के साथ एक वॉच टावर, विशेष पेट्रोलिंग ट्रैक बनाया जाएगा, ताकि पूरे परिसर की निगरानी बेहतर ढंग से की जा सके और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई संभव हो। इस परियोजना पर करीब 94 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने इस परियोजना के लिए निविदा प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, कार्य आवंटित होने के बाद निर्माण पूरा करने में करीब दो महीने का समय लगेगा। यह फैसला अप्रैल में हुई उस सुरक्षा चूक के बाद लिया गया है, जब एक नकाबपोश व्यक्ति विधानसभा परिसर के एक गेट से जबरन अंदर घुस गया था। घुसपैठिया विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता की आधिकारिक गाड़ी में फूलों का गुलदस्ता रखकर फरार हो गया था।
इस घटना ने विधानसभा परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए थे। इसके अलावा, इसी वर्ष बजट सत्र के दौरान विधानसभा अध्यक्ष को बम से उड़ाने की धमकियां भी मिली थीं, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक समीक्षा की थी। घटना के बाद विधानसभा अध्यक्ष ने दिल्ली पुलिस, पीडब्ल्यूडी, इंटेलिजेंस ब्यूरो और अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की थी।
पेट्रोलिंग वाहन भी होगा तैनात
सुरक्षा योजना के तहत विधानसभा परिसर में एक मोबाइल पेट्रोलिंग वाहन भी तैनात करने की तैयारी है। यह वाहन परिसर के भीतर तेजी से आवाजाही कर सकेगा और जरूरत पड़ने पर अनधिकृत गतिविधियों को रोकने या रास्ता अवरुद्ध करने में उपयोग किया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि केवल स्थायी सुरक्षा तैनाती पर्याप्त नहीं है। इसलिए विभिन्न एजेंसियों के बीच रियल टाइम सूचना साझा करने की व्यवस्था को भी मजबूत किया जा रहा है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal