दिल्ली के व्यापारियों द्वारा मंगलवार को सीलिंग के विरोध में बुलाए गए बंद की वजह से आज पूरे शहर में थोक व कमर्शियल मार्केट बंद रही। व्यापारियों ने इस बंद को सफल करार दिया।
उनके अनुसार दो हजार से भी ज्यादा व्यापारिक संस्थाओं और 7 लाख व्यापारिक संस्थानों ने दिल्ली बंद में हिस्सा लिया।
इस बंद को आम आदमी पार्टी समेत भाजपा और कांग्रेस पार्टियों का भी सहयोग मिला।
आम आदमी पार्टी की चांदनी चौक की ‘पूर्व’ विधायक अलका लांबा भी व्यापारियों के बंद में शामिल होने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ चांदनी चौक बाजार पहुंची और ट्रक पर चढ़कर प्रदर्शन किया।
इस बंद के दौरान दिल्ली के सभी प्रमुख थोक बाजार बंद रहे। इसमें कनॉट प्लेस, चांदनी चौक, सदर बाजार, चावड़ी बाजार, कमला नगर, करोल बाग, कश्मीरी गेट, खारी बावली, नया बाजार, भगीरथ पैलेस, पहाड़गंज, राजौरी गार्डन, जेल रोड, रोहिणी, अशोक विहार, पीतमपुरा, लाजपत नगर, नारायणा, उत्तम नगर, विकासपुरी, कालकाजी, तुगलकाबाद, युसुफ सराय, विकास मार्ग, मंडावली, गांधी नगर, शाहदरा, भजनपुरा, जगतपुरी, मयूर विहार, प्रीत विहार, श्रद्धानंद मार्ग पूरी तरह से बंद रहे और यहां किसी तरह की कोई कमर्शियल क्रिया नहीं हुई।