भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या और माता सीता की जन्मस्थली जनकपुर धाम के बीच अब सीधा रेल संपर्क स्थापित होने जा रहा है। भारत और नेपाल के बीच धार्मिक, सांस्कृतिक और मैत्रीपूर्ण संबंधों को नई मजबूती देने वाली सरयू-कमला एक्सप्रेस का सोमवार को शुभारंभ होगा। इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पहुंचे हैं। इससे पहले सीएम ने रामलला के दर्शन कर पूजा-अर्चना की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस मौके पर अयोध्या में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव मौजूद रहेंगे।
राम की नगरी से जनकपुर धाम तक सीधा सफर
सरयू-कमला एक्सप्रेस के संचालन से अयोध्या और नेपाल के जनकपुर धाम के बीच सीधी रेल कनेक्टिविटी उपलब्ध होगी। करीब 604 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली यह ट्रेन दोनों देशों के श्रद्धालुओं के लिए यात्रा को आसान बनाएगी। इस रेल सेवा से यात्रियों को बीच में ट्रेन बदलने की जरूरत नहीं होगी।
रामायण सर्किट को मिलेगी नई कनेक्टिविटी
अयोध्या और जनकपुर धाम का संबंध धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से विशेष महत्व रखता है। अयोध्या भगवान श्रीराम की जन्मभूमि है, जबकि नेपाल का जनकपुर धाम माता जानकी की जन्मस्थली के रूप में प्रसिद्ध है। ऐसे में दोनों धार्मिक स्थलों को सीधी रेल सेवा से जोड़ना रामायण सर्किट के पर्यटन को भी बढ़ावा दे सकता है।
इस पहल से भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने सामाजिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक संबंधों को नई गति मिलने की उम्मीद है। श्रद्धालुओं के साथ दोनों देशों के यात्रियों को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी।
28 नवंबर से आम यात्रियों के लिए उपलब्ध होगी ट्रेन
सरयू-कमला एक्सप्रेस का औपचारिक शुभारंभ 23 नवंबर को होगा। वहीं, 28 नवंबर से आम यात्रियों के लिए इस रेल सेवा का संचालन शुरू होने की जानकारी है। यह साप्ताहिक ट्रेन होगी और अयोध्या से जनकपुर धाम तक का सफर लगभग 19 घंटे में पूरा करेगी।
इस रेल सेवा को भारत और नेपाल के बीच संपर्क, धार्मिक पर्यटन और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal