हिंदू धर्म में देवउठनी एकादशी का विशेष धार्मिक महत्व है। इसे देवोत्थान एकादशी और प्रबोधिनी एकादशी के नाम से भी जाना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन भगवान विष्णु चार महीने की योगनिद्रा से जागते हैं। इसी के साथ चातुर्मास समाप्त हो जाता है और विवाह, गृह प्रवेश तथा अन्य मांगलिक कार्यों की शुरुआत हो जाती है।
इस दिन घरों और मंदिरों में विशेष पूजा की जाती है। भक्त भगवान विष्णु को जगाने के लिए शंख और घंटियां बजाते हैं। कई जगहों पर महिलाएं पारंपरिक लोकगीत गाकर देवताओं को जगाने की रस्म निभाती हैं। इस दौरान एक खास गीत गाया जाता है, जिसके बोल हैं, ‘उठो देव बैठो देव…’। आइए जानते हैं इस गीत और देवउठनी एकादशी से जुड़ी खास परंपराओं के बारे में।
‘उठो देव बैठो देव’ गीत गाकर क्यों जगाए जाते हैं भगवान?
देवउठनी एकादशी के दिन सुबह या शाम के समय भगवान विष्णु की पूजा की जाती है। कई क्षेत्रों में महिलाएं पूजा के दौरान भगवान को जगाने के लिए पारंपरिक गीत गाती हैं। इस लोकगीत के बोल अलग-अलग क्षेत्रों में थोड़े बदल जाते हैं।
एक प्रचलित लोकगीत इस प्रकार है-
‘उठो देव बैठो देव, पाटकली चटकाओ देव। आषाढ़ में सोए देव, कार्तिक में जागे देव…’
इस गीत को गाते हुए महिलाएं थाली या परात बजाती हैं। मान्यता है कि ऐसा करने से भगवान विष्णु योगनिद्रा से जागते हैं और संसार में फिर से शुभ कार्यों का आरंभ होता है। यह परंपरा भगवान के प्रति प्रेम, श्रद्धा और भक्ति प्रकट करने का एक सुंदर तरीका है।
भगवान विष्णु को जगाने का खास मंत्र
देवउठनी एकादशी पर लोकगीत के साथ भगवान विष्णु को जगाने के लिए एक विशेष मंत्र का जाप भी किया जाता है। यह मंत्र है-
‘उत्तिष्ठोत्तिष्ठ गोविन्द त्यज निद्रां जगत्पते। त्वयि सुप्ते जगन्नाथ जगत् सुप्तं भवेदिदम्॥’
इस मंत्र का अर्थ है कि हे भगवान गोविंद! उठिए और अपनी निद्रा का त्याग कीजिए। हे जगत के स्वामी, आपके सोने से पूरा संसार निद्रा में रहता है। इसलिए अब जागकर संसार का कल्याण कीजिए।
धार्मिक मान्यता है कि इस मंत्र का जाप करने से भगवान विष्णु प्रसन्न होते हैं और भक्तों पर अपनी कृपा बनाए रखते हैं।
देवउठनी एकादशी पर कैसे की जाती है पूजा?
इस दिन सुबह जल्दी उठकर स्नान किया जाता है और घर के मंदिर में भगवान विष्णु की पूजा की जाती है। कई घरों में भगवान के चरणों के प्रतीक बनाए जाते हैं। शाम को दीपक जलाकर शंख और घंटियां बजाई जाती हैं।
भगवान को फल, मिठाई, गन्ना और मौसमी चीजों का भोग लगाया जाता है। इसके बाद लोकगीत और मंत्रों के माध्यम से भगवान को जगाने की परंपरा निभाई जाती है। कई स्थानों पर घर के आंगन में रंगोली और सुंदर चौक भी बनाया जाता है।
देवउठनी एकादशी पर क्यों होता है तुलसी विवाह?
देवउठनी एकादशी के दिन कई स्थानों पर तुलसी विवाह का आयोजन भी किया जाता है। इस दिन माता तुलसी का विवाह भगवान विष्णु के शालिग्राम स्वरूप से कराया जाता है। इसे हिंदू धर्म की बहुत पवित्र परंपरा माना जाता है।
मान्यता है कि तुलसी विवाह कराने से घर में सुख-समृद्धि आती है और परिवार में खुशहाली बनी रहती है। इस दिन से विवाह और दूसरे मांगलिक कार्यों की शुरुआत भी शुभ मानी जाती है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal