शाह के बयान पर हरीश रावत का पलटवार

बीते दिनों उत्तराखंड के दौरे पर आए गृहमंत्री शाह ने सवाल करते हुए पूछा कि हरीश रावत की सरकार में क्या काम हुआ था. जिस पर एक बार फिर पूर्व सीएम हरीश रावत का बयान सामने आया है. उन्होंने कहा कि जिस समय देश के गृह मंत्री अमित शाह जी मेरा नाम लेकर चुनौती दे रहे थे कि बताओ क्या विकास के काम किए? मैं उम्मीद कर रहा था कि सभा स्थल पर मौजूद तीन विधायकों में से किसी का ज़मीर जगेगा और वह अमित शाह जी से कहेंगे कि हां, कांग्रेस सरकार ने जिस समय हरीश रावत मुख्यमंत्री थे, मेरे क्षेत्र में अमुक-अमुक-अमुक, अमुक काम करवाए.

उन्होंने कहा कि रायपुर क्षेत्र में मैं दावे के साथ कह सकता हूं कि दो-ढाई साल हमारे साथ विधायक रहते जितने काम उस समय के विधायक ने करवाए और दस साल अब उनको भाजपा के विधायक के रूप में हो रहे हैं, वो कोई बहुत महत्वपूर्ण उपलब्धि अपने क्षेत्र की नहीं बता सकते हैं, जिसको भाजपा की सरकार ने वहां किया हो. स्टेडियम से लेकर पुल-पुलिया, सड़कों का निर्माण, डिग्री कॉलेज, हॉस्पिटल आदि, मैं किन-किन बातों का उल्लेख करूं?

आगे हरीश रावत ने कहा कि धर्मपुर क्षेत्र के विधायक को यदि 2014-15, 16 में रहे कांग्रेस विधायक, चाहे आज कहीं भी हों, यदि चुनौती देंगे तो मैं पूरे विश्वास के साथ कह रहा हूं कि दस साल में भाजपा के कार्यकाल में माननीय विधायक जितने बोर्ड विकास के नहीं लगा पाए, उससे ढाई गुना ज़्यादा बोर्ड आज उनकी पार्टी में विद्यमान उस समय के कांग्रेस विधायक के कार्यकाल के निकल जाएंगे.

हरीश रावत ने ये भी कहा कि मसूरी में तो स्थिति और स्पष्ट है. गोदावरी थापली जी एक कांग्रेस कार्यकत्री थी, उनके और पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला, मल साहब आदि के कहने पर जितने काम हमने मसूरी में करवाए, मैं मालसी जू की बात नहीं कर रहा हूं, मैं और भी जो काम यहां से लेकर के मसूरी तक हमने करवाए, वर्तमान विधायक दस साल सत्ता में रहने के बावजूद भी उनको छू नहीं पाए हैं. यदि कुछ उद्घाटन इत्यादि कर भी रहे हैं, तो जो हमारे समय में स्वीकृत कार्य थे, जिनका कार्य हम शुरू करवा करके गए थे, उन्हीं का उद्घाटन इत्यादि कर रहे हैं और यह कहानी पूरे राज्य भर की है.

हरीश रावत ने कहा कि मुझे उम्मीद है कि कुछ विधायकों, पूर्व विधायकों और विधानसभा में प्रत्याशी रहे लोगों का ज़मीर जगेगा और वो आदरणीय अमित शाह जी को अवश्य जवाब देंगे और कहेंगे कि आप और कोई राजनीतिक बात कहिए, मगर विकास के विषय में आपको कांग्रेस के मुख्यमंत्री रहे हरीश रावत को चुनौती नहीं देनी चाहिए. यदि आप चुनौती दे रहे हैं, तो विकास के आंकड़ों के सामने आप टिक नहीं पाएंगे.

रावत ने ये भी कहा कि मेरे कुछ उत्साही सहयोगियों ने विज्ञापन के रूप में, फिर मुझे बाध्य किया कि फ़ेसबुक पोस्ट के रूप में मैं डालूं. ChatGPT की मदद से भी लोगों ने विकास संबंधी कार्यों की बड़ी जानकारियां इकट्ठा की हैं, जिन पर एक पुस्तक लिखी जा सकती है. भाजपा सत्ताधीश है, अमित शाह जी सत्ताधीश हैं, मगर सत्य तो सत्य है ना! विकास और जनकल्याण के मामलों में भाजपा की सरकारें, कांग्रेस की सरकारों के सामने कहीं भी नहीं टिकती हैं. मैंने निश्चय किया है कि मैं हर तीसरे दिन वर्ष 2015 से 2017 तक तत्कालीन कांग्रेस सरकार द्वारा लिए गए निर्णयों और किए गए कार्यों का छोटा-छोटा विवरण आप सबसे साझा करूंगा.

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com