17 से 26 नवंबर तक गढ़ गंगा मेला: ‘श्रद्धा, अनुशासन और स्वच्छता का प्रतीक बने मिनी कुंभ’

कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर 17 से 26 नवंबर तक आयोजित होने वाले गढ़मुक्तेश्वर गंगा स्नान मेले एवं तिगरी मेले की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार रात वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पश्चिमी यूपी का मिनी कुंभ श्रद्धा, अनुशासन और स्वच्छता का प्रतीक बनना चाहिए। इसके लिए सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूरी की जाएं। इस बार मेले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आने की भी संभावना जताई जा रही है, हालांकि अभी उनके कार्यक्रम की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

मुख्यमंत्री ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम यातायात और स्वच्छता के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए। गृह, लोक निर्माण, परिवहन, सिंचाई, नगर विकास, ऊर्जा, पंचायती राज और स्वास्थ्य समेत संबंधित विभागों के अधिकारियों को मेला शुरू होने से पहले व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने को कहा। परिवहन विभाग को श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अतिरिक्त बसों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने घाटों पर स्नान के लिए पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध कराने, नदी को आवश्यकतानुसार चैनलाइज करने और प्रत्येक घाट पर पर्याप्त जल की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। घाटों पर पर्याप्त सफाई कर्मचारियों की तैनाती और सिंगल यूज प्लास्टिक पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाने के निर्देश दिए। मेले में सीएचसी स्तर के अस्थायी अस्पताल बनाने के साथ पर्याप्त चिकित्सा स्टाफ, एंबुलेंस, शुद्ध पेयजल और निर्बाध विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था करने को कहा।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री ने पर्याप्त पुलिस बल, महिला पुलिसकर्मियों और एनडीआरएफ व एसडीआरएफ की टीमें तैनात करने के निर्देश दिए। मेले से पहले एडीजी, आईजी, डीआईजी और एसएसपी स्तर के अधिकारी पुलिसकर्मियों की काउंसिलिंग करें। पब्लिक एड्रेस सिस्टम, वॉच टावर, सीसीटीवी कैमरे, फायर टेंडर, पार्किंग, यातायात डायवर्जन और 24 घंटे सक्रिय कंट्रोल रूम की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। फायर टेंडर अलर्ट मोड पर रहें।

मुख्यमंत्री ने मेले में खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा स्थानीय कलाकारों को मंच देने के निर्देश दिए। बच्चों के लिए स्लोगन, भाषण, वाद-विवाद और निबंध प्रतियोगिताएं भी आयोजित कराई जाएं। उन्होंने सोशल मीडिया पर दुष्प्रचार करने वाले अराजक तत्वों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई करने और मेले के कमांड एरिया में शराब व नशीले पदार्थों की बिक्री पर पूरी तरह रोक लगाने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि मेले में आस्था के विपरीत कोई गतिविधि नहीं होनी चाहिए।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com