अपने जीवन का हर पल हमें सींचने और संवारने में लगा देने वाले बुजुर्ग आज उम्र के उस पड़ाव पर हैं जहां उन्हें हमारी सबसे ज्यादा जरूरत है। इसी भावना के साथ, सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय ने ‘वयो साथी’ पहल की शुरुआत की है।
यह सिर्फ एक अभियान नहीं, बल्कि युवा पीढ़ी और बुजुर्गों के बीच पीढ़ियों के फासले को मिटाकर एक मजबूत भावनात्मक सेतु बनाने का खूबसूरत प्रयास है। मंत्रालय ने 18 वर्ष और उससे अधिक आयु के नागरिकों को ‘वयो साथी’ पहल के तहत वालिंटियर के रूप में पंजीकरण कराने के लिए आमंत्रित किया है।
अटल वयो अभ्युदय योजना के तहत शुरू किए गए इस अभियान में 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के नागरिक स्वेच्छा से जुड़ सकते हैं। छात्र, युवा और कम्युनिटी वालिंटियर सीनियर सिटिजेंस वेल्फेयर ‘समावेश’ पोर्टल या ‘जीवन’ एप के जरिये पंजीकरण करा सकते हैं।
‘साथी’ का पर्याय सहयोग, जागरूकता, सहायता, प्रशिक्षण, स्वास्थ्य और समावेशन से है। ये युवा वालिंटियर बुजुर्गों के सच्चे दोस्त और मददगार बनकर उन्हें डिजिटल साक्षरता, साइबर धोखाधड़ी से सुरक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक जुड़ाव में मदद करेंगे।
इस सेवा के लिए उन्हें ‘वयो साथी’ प्रमाण पत्र से सम्मानित भी किया जाएगा। ‘फाइव सी’ माडल (जुड़ना, संवाद, सह-सृजन, योगदान और निरंतरता) पर आधारित यह पहल देश के हर गांव और मोहल्ले तक बुजुर्गों के जीवन में सम्मान, संबल और मुस्कान लाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal