दिल्ली: 15.45 लाख राशन कार्डधारक परिवारों को एलपीजी सिलिंडर के लिए आर्थिक सहायता

दिल्ली सरकार ने दिवाली के मौके पर करीब 15 लाख राशन कार्डधारक परिवारों को एलपीजी सिलिंडर के लिए आर्थिक सहायता दी है। मंगलवार को तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से 15,45,994 परिवारों के बैंक खातों में कुल 141.88 करोड़ रुपये हस्तांतरित किए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कुछ लाभार्थियाें को सांकेतिक चेक भी दिए।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि सरकार ने राशन कार्डधारक परिवारों को होली और दिवाली पर एलपीजी सिलिंडर के लिए आर्थिक सहायता देने का संकल्प लिया था। त्योहारों के समय परिवारों को आर्थिक सहयोग देना और घरेलू खर्च का बोझ कम करना इस पहल का उद्देश्य है। जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे लोगों तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।

दिल्ली सरकार के अनुसार, योजना में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए लाभार्थियों की पहचान, राशन कार्ड के विवरण का सत्यापन और आंकड़ों का मिलान किया जाता है। दोहरी सहायता और अनियमितताओं को रोकने के लिए निगरानी और ऑडिट की व्यवस्था भी की गई है। कार्यक्रम में सांसद बांसुरी स्वराज, कैबिनेट मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा और विधायक अभय वर्मा, जितेंद्र महाजन, कुलदीप सोलंकी व चंदन चौधरी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

परिवार के मुखिया के खाते में गए पैसे
इस योजना के तहत प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (पीएमयूवाई) के लाभार्थियों को 642 रुपये, जबकि अन्य राशन कार्डधारक परिवारों को 942 रुपये प्रति परिवार दिए गए। इस बार 1,24,964 परिवार प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत और 14,21,030 परिवार गैर-उज्ज्वला श्रेणी में शामिल हैं। सहायता राशि परिवार के मुखिया के आधार से जुड़े बैंक खाते में सीधे भेजी गई है।

माताओं-बहनों की बचत बढ़ाना लक्ष्य : सिरसा
खाद्य आपूर्ति मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि 15 लाख से अधिक पात्र राशन कार्डधारक परिवारों के बैंक खातों में लगभग 142 करोड़ रुपये की राशि डीबीटी से भेजी गई। इससे पहले होली के अवसर पर भी पात्र परिवारों को इस योजना का लाभ दिया गया था। हमारा उद्देश्य केवल त्योहारों पर आर्थिक सहायता देना नहीं, बल्कि महंगाई के इस दौर में परिवारों के घरेलू खर्च को कम करना, माताओं-बहनों की बचत बढ़ाना और उनके जीवन में आर्थिक राहत एवं खुशहाली लाना है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com