अब एक्सप्रेसवे पर चलने से पहले होगी चालकों की जांच; बिना फिटनेस नहीं मिलेगी एंट्री

लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण बस हादसे के बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त रुख अपनाया है। प्रदेश के सभी एक्सप्रेसवे पर अब वाहन चालकों की जांच अनिवार्य करने की तैयारी है। एक्सप्रेसवे पर वाहन लेकर जाने से पहले चालक का स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा। साथ ही यह भी जांच होगी कि चालक ने किसी मादक पदार्थ का सेवन तो नहीं किया है।

उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने इस संबंध में संबंधित विभागों के अधिकारियों को पत्र भेजकर जरूरी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव, परिवहन आयुक्त, यूपीसीडा के सीईओ और रोडवेज के प्रबंध निदेशक को पत्र भेजा है।

निर्देशों के मुताबिक, एक्सप्रेसवे पर प्रवेश से पहले वाहन चालकों की फिटनेस जांच सुनिश्चित की जाएगी। चालक के स्वास्थ्य और नशे की स्थिति की जांच के बाद ही उसे आगे जाने की अनुमति देने की व्यवस्था लागू करने पर जोर दिया गया है।

गति सीमा का उलंघन करने वालों पर होगी कार्रवाई
सरकार ने एक्सप्रेसवे पर निर्धारित गति सीमा का सख्ती से पालन कराने के भी निर्देश दिए हैं। तेज रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। संबंधित अधिकारियों को नियमों का प्रभावी ढंग से पालन सुनिश्चित कराने को कहा गया है।

जीरो पॉइंट पर हुए हादसे के बाद बढ़ी सख्ती
गौरतलब है कि कल आगरा एक्सप्रेसवे के जीरो पॉइंट पर भीषण बस हादसा हुआ था। इस घटना के बाद सड़क सुरक्षा और वाहन चालकों की जिम्मेदारी को लेकर सवाल उठे। अब सरकार ने प्रदेश के सभी एक्सप्रेसवे पर चालकों की फिटनेस, नशे की जांच और निर्धारित गति सीमा के पालन को लेकर सख्ती बरतने के निर्देश दिए हैं।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com