सीएम योगी आदित्यनाथ ने 10वें दीपोत्सव के स्वागत के बीच अयोध्या में हुए विकास कार्यों और सांस्कृतिक पुनर्जागरण का उल्लेख किया। वर्ष 2017 में 1.71 लाख दीपों से शुरू हुई दीपोत्सव यात्रा और रामनगरी में हुए बदलावों को रेखांकित करते हुए पूर्ववर्ती सरकार पर भी निशाना साधा।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सप्तपुरियों में श्रेष्ठ श्रीअयोध्या धाम अपने 10वें भव्य-दिव्य दीपोत्सव के स्वागत के लिए उत्साहित है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर दीपोत्सव को अयोध्या के प्राचीन वैभव, सनातन संस्कृति के गौरव और सांस्कृतिक पुनर्जागरण का प्रतीक बताया। कहा कि वर्ष 2017 के बाद अयोध्या में विकास और सांस्कृतिक पुनर्जागरण का नया सूर्योदय हुआ है।
लाखों दीपों से जीवंत होंगी त्रेतायुग की स्मृतियां
सीएम ने कहा कि दीपोत्सव के दौरान सरयू तट लाखों दीपों की अलौकिक आभा से जगमगाएगा। रामायण के प्रसंगों को जीवंत करती झांकियां, भव्य शोभायात्राएं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां त्रेतायुग की स्मृतियों को फिर से जीवंत करेंगी। हर दीप प्रभु श्रीराम के प्रति श्रद्धा का प्रतीक होगा और हर लौ सनातन संस्कृति के गौरव का उद्घोष करेगी।
2017 से पहले की स्थिति को लेकर पूर्ववर्ती सरकार पर निशाना
सीएम योगी ने वर्ष 2017 से पहले की स्थिति का उल्लेख करते हुए पूर्ववर्ती सरकार पर निशाना साधा। आरोप लगाया कि उस समय अयोध्या उपेक्षा, अव्यवस्था और बदहाली का सामना कर रही थी। रामभक्तों पर गोली चलवाने और हनुमानगढ़ी की सीढ़ियों पर नमाज पढ़वाने के मामले का उल्लेख करते हुए कहा कि तत्कालीन सरकार को रामनगरी के विकास से कोई मतलब नहीं था।
राम मंदिर से एयरपोर्ट तक विकास कार्यों का किया जिक्र
सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार के प्रयासों से अयोध्या अपने प्राचीन वैभव को फिर से प्राप्त कर रही है। उन्होंने भव्य श्रीराम मंदिर, महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, सुसज्जित रामपथ, नव्य घाटों और आधुनिक सुविधाओं का उल्लेख किया। उनके अनुसार, सोलर सिटी के रूप में विकसित होती अयोध्या आज आस्था और आधुनिकता के संगम के रूप में उभर रही है।
1.71 लाख दीपों से शुरू हुआ था सफर
सीएम ने बताया कि वर्ष 2017 में 1.71 लाख दीपों के साथ शुरू हुई दीपोत्सव की यात्रा आज देश-दुनिया के रामभक्तों की श्रद्धा और उत्साह का प्रतीक बन चुकी है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष भी रामभक्त दीप प्रज्ज्वलन का विश्व कीर्तिमान बनाने की तैयारी में हैं।
सीएम ने दीपोत्सव को उन पीढ़ियों के सपनों से जोड़ते हुए कहा कि जिन्होंने अयोध्या को उसके त्रेतायुगीन स्वरूप में देखने की अभिलाषा संजोई थी, उनके लिए यह उत्सव विशेष महत्व रखता है। उन्होंने इसे सांस्कृतिक स्वाभिमान, आस्था और विकसित भारत के संकल्प का प्रतीक बताया।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal