केएल राहुल, साई सुदर्शन का निकला दम, खाता खोलना हुआ मुश्किल; इंडिया-ए 113 रनों पर ढेर

केएल राहुल भारत के अनुभवी और शानदार बल्लेबाजों में से एक। साई सुदर्शन, वो बल्लेबाज जिसे टेस्ट में नंबर-3 की जिम्मेदारी दी गई है। इस जिम्मेदारी को राहुल द्रविड़ और चेतेश्वर पुजारा जैसी दीवारों ने संभाला है। वॉशिंगटन सुंदर, जिनमें गौतम गंभीर को तीन फॉर्मेट का ऐसा ऑलराउंडर दिखता है जो दुनिया पर राज कर सकता है। शनिवार को इन तीनों के साथ एक समानता थी। वो थी 0। दरअसल, यह तीनों इंडिया-ए टीम का हिस्सा हैं जो इस समय लिंकन में न्यूजीलैंड-ए के खिलाफ अभ्यास मैच खेल रही है। इस मैच के पहले दिन इंडिया-ए ने पहले बल्लेबाजी की और यह तीनों ही बल्लेबाज बिना खाता खोले आउट हो गए। सिर्फ यह तीनों नहीं, इंडिया-ए की पूरी टीम ही फेल हो गई और महज 113 रनों पर ढेर हो गई।

यशस्वी, पडिक्कल भी फेल

इंडिया-ए की तरफ से यशस्वी जायसवाल और राहुल ओपनिंग करने उतरे थे। यह जोड़ी टेस्ट में भारत की ओपनिंग जोड़ी है। तीसरे ओवर की तीसरी गेंद पर राहुल बिना खाता खोले आउट हो गए। उनको फ्रेशर शीट ने आउट किया। फिर जैक गिब्सन ने यशस्वी की 17 रनों की पारी का अंत कर दिया। साइमन कीन ने सुदर्शन को खाता नहीं खोलने दिया। यहां इंडिया-ए का स्कोर तीन विकेट के नुकसान पर 44 रन था और यहां से फिर विकेटों के गिरने का सिलसिला शुरू हुआ। यश राठौड़ ने जरूर विकेट पर पैर जमाए और 44 रनों की पारी खेली जिससे टीम इंडिया 100 के पार जा सकी। उनके अलावा पडिक्कल ने 32 रन बनाए। उनसे उम्मीद थी कि वह अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में तब्दील करेंगे जिसमें वह नाकाम रहे। अंशुल कंबोज टीम के चौथे बल्लेबाज थे जिन्होंने दहाई का आंकड़ा छुआ। बाकी के 7 बल्लेबाज ऐसा भी नहीं कर पाए।

कीन ने खोला पंजा

न्यूजीलैंड के लिए कीन ने पांच विकेट लिए। उन्होंने 11.3 ओवर गेंदबाजी की और चार मेडन ओवर फेंकते हुए 24 रन दिए। गिब्सन ने तीन विकेट अपने नाम किए। शीट और क्लार्क के हिस्से एक-एक विकेट आया।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com