यूपी के सभी 75 जिलों में 26 अक्टूबर को मनेगी महर्षि वाल्मीकि जयंती

लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार 26 अक्टूबर को प्रदेश के सभी 75 जिलों में महर्षि वाल्मीकि जयंती मनाएगी। इस अवसर पर महर्षि वाल्मीकि मंदिरों और रामायण से जुड़े प्रमुख स्थलों पर रामायण पाठ, दीपदान, भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। चित्रकूट स्थित महर्षि वाल्मीकि की तपोस्थली लालापुर में वृहद आयोजन होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर होने वाले कार्यक्रम जनपद, तहसील और विकासखंड स्तर पर आयोजित किए जाएंगे। इनका उद्देश्य महर्षि वाल्मीकि की कालजयी रचना रामायण में निहित मानवीय मूल्यों, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक विरासत को जन-जन तक पहुंचाना है।

कार्यक्रमों में पूजन-हवन के साथ लव-कुश प्रसंग भी प्रस्तुत किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने आयोजन स्थलों पर साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश, ध्वनि और सुरक्षा की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। चित्रकूट के क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी डीके शर्मा के अनुसार, लालापुर में रामलीला मंचन, वाल्मीकि रामायण पाठ, भजन संध्या और स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियां होंगी। नदी के घाट पर वाल्मीकि आरती भी आयोजित की जाएगी। इसके अलावा कानपुर के बिठूर, राजापुर, श्रावस्ती, अयोध्या और प्रयागराज सहित प्रदेश के अन्य प्रमुख स्थलों पर कार्यक्रम होंगे।

सरकार स्थानीय कलाकारों को भी इन आयोजनों में मंच उपलब्ध कराएगी। जिलाधिकारियों की अध्यक्षता में गठित समितियां कलाकारों का चयन करेंगी। संस्कृति विभाग, सूचना एवं जनसंपकर् विभाग तथा जिला पर्यटन एवं संस्कृति परिषद कार्यक्रमों का समन्वय करेंगे। संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि रामायण से जुड़े धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों की महत्ता सामने लाने के लिए मंदिरों में आठ, 12 या 24 घंटे तक लगातार रामायण पाठ की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष प्रदेश के 600 से अधिक मंदिरों में वाल्मीकि जयंती के कार्यक्रम आयोजित किए गए थे।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com