मणिपुर में अब कुकी व्यक्ति की गोली मारकर हत्या, कई इलाकों में आगजनी

मणिपुर में हिंसा थमने का नाम नहीं ले रहा है। कांगपोकपी जिले में मंगलवार सुबह उग्रवादियों ने कुकी समुदाय के व्यक्ति पाओलेन खोंगसाई की गोली मारकर हत्या कर दी।

वह पी मोल्डिंग गांव के एक अन्य व्यक्ति के साथ जंगल में बांस की कोपलें इकट्ठा करने गए थे तभी उग्रवादियों ने हमला किया। दूसरा व्यक्ति हमले में जान बचाकर भागने में सफल रहा।

हत्या के विरोध में कमेटी आन ट्राइबल यूनिटी ने जिले में आधी रात से 24 घंटे के बंद का आह्वान किया है। सोमवार को इसी जिले में उग्रवादियों ने सुनरोक क्षेत्र में जलावन की लकड़ी बीन रहे मैतेयी समुदाय के 14 लोगों पर उग्रवादियों ने घात लगाकर हमला कर दिया था। इस गोलीबारी में तीन लोगों की मौत हो गई थी।

इस बीच मैतेयी समुदाय के तीन लोगों की हत्या के विरोध में मंगलवार को 48 घंटे के बंद के चलते घाटी के पांच जिलों में जनजीवन प्रभावित रहा। इंफाल पूर्व, इंफाल पश्चिम, बिष्णुपुर, थौबल और काकचिंग में बाजार, शिक्षण संस्थान और व्यावसायिक प्रतिष्ठान बंद रहे।

सार्वजनिक परिवहन भी ठप रहा, हालांकि कुछ निजी वाहन चलते दिखे। नेटिव पीपुल्स कमेटी मणिपुर के सदस्यों ने मंगलवार और बुधवार को बंद का आह्वान किया है।

इस बीच पुलिस ने बताया कि मणिपुर के कांगपोकपी जिले में मंगलवार को सुरक्षाबलों ने तलाशी अभियान के दौरान तीन लोगों को गिरफ्तार किया।

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) दोरजी लहातू ने बताया कि पूछताछ के दौरान, तीन में से दो उग्रवादियों ने स्वीकार किया है कि वे उन उग्रवादियों में शामिल थे, जिन्होंने सुनुरोक पहाड़ियों में हमला किया था।

पूछताछ के दौरान उनके द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर हथियारों और गोला-बारूद का जखीरा बरामद किया गया है।

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक ने बताया कि पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की संयुक्त टीम ने थौबल जिले में हाल में दो समुदायों के बीच हुई झड़पों में संलिप्तता के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इन झड़पों में एक युवक की मौत हो गई थी।

मुख्यमंत्री ने आइएनडीआइए के नेताओं के साथ की सुरक्षा स्थिति की समीक्षा मुख्यमंत्री वाई खेमचंद सिंह ने मंगलवार को विपक्षी गठबंधन आइएनडीआइए के नेताओं के साथ बैठक की।

मुख्यमंत्री सचिवालय में हुई बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ओकराम इबोबी सिंह, कांग्रेस विधायक दल के नेता मेघचंद्र सिंह, लोकसभा सदस्य अंगोमचा बिमोल अकोइजम और विपक्षी गठबंधन में शामिल विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता मौजूद थे।

नेताओं ने सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग की। मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वासन दिया कि इस मामले पर विचार किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट किया, बैठक में राज्य की समग्र सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की गई। राज्य में शांति बनाए रखने और सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए सामूहिक प्रयासों पर भी सार्थक चर्चा हुई।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com