यमन के अदन एयरपोर्ट पर हूती विद्रोहियों ने दागीं मिसाइलें

यमन के बंदरगाह शहर अदन के हवाई अड्डे पर शुक्रवार रात हमला हुआ। पुलिस ने जानकारी दी कि एयरपोर्ट पर दो मिसाइलें गिरीं। 10 दिनों से भी कम समय में हवाई अड्डे पर हुआ यह दूसरा ऐसा हमला है। पुलिस ने इस हमले के लिए ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों को जिम्मेदार ठहराया है। इस हमले में अभी तक किसी के हताहत होने की खबर सामने नहीं आई है।

हूती विद्रोहियों के एयरपोर्ट पर किया मिसाइल अटैक

ईरान से जुड़े संघर्ष के नए मोर्चे पर लड़ाई तेज हो गई है, जिसमें विद्रोही पड़ोसी देश सऊदी अरब और यमन को निशाना बना रहे हैं, क्योंकि यमन की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त सरकार को सऊदी अरब का समर्थन हासिल है। यमन सरकार के सूचना मंत्री ने बताया कि मिसाइलें ‘यमेनिया एयरवेज’ के एक विमान से लगभग 500 मीटर दूर गिरीं। यह विमान उड़ान भरने की तैयारी कर रहा था। एक सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि विमान में सवार यात्रियों को तुरंत सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। अधिकारी ने अपना नाम नहीं बताया, क्योंकि उन्हें मीडिया से बातचीत करने की इजाजत नहीं है। यमन के परिवहन मंत्रालय ने इस हमले को महत्वपूर्ण सुविधाओं और सरकारी संपत्तियों को निशाना बनाने वाली हूती विद्रोहियों की सुनियोजित कार्रवाई करार दिया है। मंत्रालय ने कहा कि विद्रोही आम नागरिकों की जान खतरे में डालना चाहते हैं। अदन में दो दिनों के भीतर यह दूसरा बड़ा हमला है। हूती विद्रोहियों ने गुरुवार को अदन में सरकारी परिसर (पैलेस कॉम्प्लेक्स) पर हमला किया था, जिसमें करीब पांच लोग मारे गए थे।

सैन्य ठिकानों पर हो रहे हमले

हूती विद्रोहियों के एक सैन्य अधिकारी ने अपना नाम न बताते हुए, हूती-नियंत्रित ‘सबा’ समाचार एजेंसी को बताया कि उन्होंने हवाई अड्डे के पास एक सैन्य ठिकाने को निशाना बनाया। इस ठिकाने पर सऊदी अरब के नेतृत्व वाली सेना का कमांड सेंटर है, जो विद्रोहियों के खिलाफ लड़ रही है। साथ ही, वहां हथियारों का एक डिपो भी है। अधिकारियों ने बताया कि इससे पहले 7 अक्टूबर को भी हूती विद्रोहियों ने हवाई अड्डे पर दो मिसाइलें दागी थीं, जिसमें कोई हताहत नहीं हुआ था।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com