यूपी : सीएम योगी बोले- महापुरुषों को सम्मान देकर ही देश आगे बढ़ सकता है
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बृहस्पतिवार को प्रयागराज पहुंचे। वह तेलियरगंज में स्थित प्रिंटिंग टेक्नोलॉजी ग्राउंड पर मतदाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे हैं। मंच पर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य भी मौजूद हैं। सीएम बृहस्पतिवार दोपहर करीब डेढ़ बजे प्रयागराज पहुंचे। तेलियरगंज चौराहा के पास बाबू मसूरियादीन पासी की प्रतिमा का अनावरण किया। तेलियरगंज स्थित रीजनल इंस्टीट्यूट ऑफ प्रिंटिंग टेक्नोलॉजी के मैदान पर जनसभा को संबोधित किया।
देश की आजादी के लिए मसुरियादीन ने किया संघर्ष
सीएम योगी ने कहा कि मसुरियादीन पासी ने देश की आजादी के लिए नौ साल जेल में बिताया। बाहर आकर भी वह जनजागरण के कार्य में लगे रहे। 1945 विधानसभा के सदस्य चुने गए। देश की आजादी के बाद वह 1952 से 1972 तक चार बार देश की संसद में चुनकर भेजे गए। 952 में एक ही सीट पर दो सांसद चुने जाते थे। उस समय जवाहर लाल नेहरू और मसुरियादीन पासी दोनों एक साथ चुनकर गए थे।
देश के अंदर काले कानून के खिलाफ उन्होंने आवाज उठाई। मसुरियादीन ने सोनकर और पासी समाज को राष्ट्र की मुख्य धारा से जोड़कर सम्मानजनक जीवन जीने के लिए प्रेरित किया। महापुरुषों का सम्मान किसी परिवार की बपौती नहीं है। देश के लिए कुर्बानी देने वालों को सम्मान मिलना चाहिए। जिस चौराहे पर प्रतिमा लगी है उस चौराहे का नाम भी मसुरियादीन के नाम पर होगा। प्रयागराज की किसी संस्था का नाम भी मसुरियादीन के नाम पर होगा।
सीएम योगी की सभा में प्रतियोगी छात्रों ने लहराईं तख्तियां
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तेलियरगंज में आयोजित जनसभा में टीजीटी-पीजीटी अभ्यर्थियों ने अपनी मांगों को लेकर तख्तियां लहराईं और नारेबाजी की। प्रतियोगी छात्रों का कहना है कि वह पुरानी नियमावली से भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग को लेकर लंबे समय से आंदोलन कर रहे हैं लेकिन उनकी मांगों पर सरकार ध्यान नहीं दे रही है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal