2 साल बाद फर्स्ट क्लास क्रिकेट में लौटा ये गेंदबाज, ‘पंजा’ लेकर मचाया धमाल
लंबे समय तक भारतीय क्रिकेट टीम से बाहर रहने वाले तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार की टी20 टीम में वापसी हुई है। वह न्यूजीलैंड दौरे पर टीम के साथ जाएंगे। उनकी वापसी के बाद कई ऐसे खिलाड़ियों को उम्मीद मिली है जो भारतीय टीम से बाहर चल रहे हैं। ऐसे ही एक गेंदबाज ने दो साल बाद रणजी ट्रॉफी में वापसी करते हुए कमाल किया है। इस गेंदबाज का नाम है उमेश यादव।
उमेश यादव एक समय मोहम्मद शमी, ईशांत शर्मा के साथ भारत की टेस्ट टीम के अहम सदस्य हुआ करते थे। उन्होंने टीम को कई मौकों पर जीत दिलाई है। हालांकि, दाएं हाथ का यह गेंदबाज जून 2023 में आखिरी बार भारत के लिए खेला था। तब से वह टीम से बाहर चल रहे हैं। अब उन्होंने वापसी की ताल ठोकी है।
रणजी ट्रॉफी में किया कमाल
उमेश दो साल से भारत के बड़े घरेलू टूर्नामेंट रणजी ट्रॉफी में नहीं खेले थे बल्कि वह फर्स्ट क्लास क्रिकेट भी नहीं खेले, लेकिन इस साल उन्होंने वापसी की है वो भी नई टीम से। उमेश पहले विदर्भ के लिए खेलते थे। रणजी ट्रॉफी में इस सीजन उन्होंने पंजाब की टीम का दामन थामा है। पंजाब का सामना असम से हो रहा है और शुरुआती दो दिन में ही उमेश ने अपने अनुभव का कमाल दिखा दिया। उन्होंने असम के पांच बल्लेबाजों को आउट करते हुए उसे 373 रनों के स्कोर पर समेटने में अहम रोल निभाया।
पीसीए इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे मैच में उमेश ने 24 ओवरों में 70 रन देकर पांच विकेट लिए। उन्होंने दो विकेट मैच के पहले दिन रविवार और तीन विकेट दूसरे दिन सोमवार को लिए। यह उनका फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 16वां पांच विकेट हॉल है।
असम के कप्तान का शतक
असम ने पंजाब की मजबूत गेंदबाजी के सामने अच्छा स्कोर खड़ा किया और इसका कारण कप्तान डेनिस दास और शिवशंकर रॉय रहे। दास ने 166 गेंदों का सामना कर 15 चौके और नौ चौकों की मदद से 103 रनों की पारी खेली। वहीं रॉय ने 295 गेंदों का सामना कर 20 चौके और एक छक्के की मदद से नाबाद 143 रन बनाए। इन दोनों के अलावा स्वरुपम पुरकायस्थ ने 87 गेंदों पर सात चौके और तीन छक्कों की मदद से 66 रनों की पारी खेली।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal