अजीत अगरकर के रहते जो रहे परेशान, अब फिर से बनेंगे टीम इंडिया की शान

भारत के पूर्व तेज गेंदबाज अजीत अगरकर जब बीसीसीआई की सीनियर सेलेक्शन कमेटी के चेयरमैन थे तब कई खिलाड़ियों की वापसी का इंतजार, इंतजार ही रह गया। जैसे ही अगरकर गए दो की वापसी हो गई। इसी ने उम्मीद जगाई है कि अब वो खिलाड़ी भी वापस से टीम इंडिया की शान बन सकते हैं जो लंबे समय से बाहर चल रहे हैं या नजर अंदाज किए जा रहे हैं। नए चीफ सेलेक्टर प्रज्ञान ओझा की अध्यक्षता में न्यूजीलैंड दौरे के लिए भारत की टी20 टीम का चयन किया गया। इसमें दो ऐसे खिलाड़ियों की वापसी हुई जिनकी उम्मीद हर कोई छोड़ चुका था। ये दो खिलाड़ी हैं भुवनेश्वर कुमार और क्रुणाल पांड्या। दोनों आईपीएल से लेकर घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे थे और इसी के दम पर वापसी की उम्मीद थी, लेकिन अगरकर मौका नहीं दे रहे थे। ऐसे ही कुछ और खिलाड़ी हैं जो अब टीम में वापसी की उम्मीद लगा सकते हैं। इन खिलाड़ियों की हो सकती है वापसी मोहम्मद शमी इस लिस्ट में पहला नाम मोहम्मद शमी का है। चैंपियंस ट्रॉफी-2025 के बाद टीम इंडिया से बाहर गया दाएं हाथ का यह तेज गेंदबाज घरेलू क्रिकेट में लगातार खेल रहा है और अच्छा प्रदर्शन कर रहा है। हालांकि, उनको मौका नहीं मिला। शमी और अगरकर के बीच एक तरह की लड़ाई देखी गई जिसमें पू्र्व चीफ सेलेक्टर ने कई बार कहा कि उन्हें शमी कि फिटनेस की जानकारी नहीं है। वहीं, शमी ने कहा कि सेलेक्टर उनसे उनकी फिटनेस के बारे में पूछ ही नहीं रहे हैं जबकि वह लगातार खेल रहे हैं जो अपने आप में साबित करता है कि फिटनेस कैसी है। अब जब भुवनेश्वर वापस लौट चुके हैं तो उम्मीद जताई जा रही है कि शमी को भी मौका मिल सकता है। उमेश यादव शमी की तरह और उनके साथ लंबे समय तक भारत की टेस्ट टीम के तेज गेंदबाजी आक्रमण को संभालने वाले उमेश यादव भी टीम इंडिया से बाहर हैं। उमेश ने तो दो साल से फर्स्ट क्लास क्रिकेट भी नहीं खेला था। रणजी ट्रॉफी के इस सीजन में उन्होंने वापसी की है और पंजाब के लिए खेल रहे हैं। असम के खिलाफ पहली पारी में पांच विकेट लेकर उन्होंने बता दिया है कि वह फॉर्म में हैं। ऐसे में अगर उमेश अब वापसी कर जाएं तो हैरानी नहीं होगी। दीपक चाहर अपनी स्विंग से भारतीय टीम का अहम हिस्सा बनने वाले दीपक चाहर इस समय बाहर हैं। वह चोटों से लगातार परेशान थे इसलिए टीम से बाहर चल रहे थे, लेकिन फिट होने के बाद उन्हें मौका नहीं मिला। अब नए चीफ सेलेक्टर के होते हुए उनकी भी वापसी की उम्मीद जगी है। इसका एक कारण उनका ऑलराउंड खेल भी है जिसको गौतम गंभीर तरजीह देते हैं। हार्दिक पांड्या और नीतीश कुमार रेड्डी लगातार चोटिल हो रहे हैं तो दीपक उनके विकल्प के तौर पर सही खिलाड़ी साबित हो सकते हैं। रजत पाटीदार साल 2024 में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में डेब्यू करने वाले रजत पाटीदार ने आईपीएल से लेकर घरेलू क्रिकेट तक में दमदार खेल दिखाया, लेकिन उनको मौका नहीं मिला है। टेस्ट में कमजोर मिडिल ऑर्डर में रजत जान फूंक सकते हैं। बहुत संभावना है कि उनकी भी टीम में वापसी हो जाए।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com