अभिषेक शर्मा की बल्लेबाजी का मुरीद हुआ पूर्व भारतीय क्रिकेटर
भारत के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक का कहना है कि अभिषेक शर्मा दुनिया के सुपरपावर ओपनर बन गए हैं। कार्तिक की ये टिप्पणी वेस्टइंडीज के खिलाफ इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेले गए तीसरे टी20 मैच के बाद आई है। अभिषेक ने मुकाबले में कमाल की बैटिंग की और अर्धशतक लगाया। उन्होंने 69 रनों की पारी खेली।
शर्मा ने इस दौरान अपने टी20 करियर के 2000 रन पूरे कर लिए। वे गेंदों के लिहाज से सबसे तेज दो हजार रन पूरे करने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। अभिषेक की बैटिंग को देखते हुए कार्तिक ने उन्हें गाइड करने वाले व्यक्ति की भी जमकर तारीफ की। बता दें पूर्व भारतीय हरफनमौला खिलाड़ी युवराज सिंह ने अभिषेक को गाइड किया है, जिसका श्रेय खुद शर्मा भी युवराज को देते हैं। अब कार्तिक भी उनके मुरीद हो गए हैं।
अभिषेक शर्मा की दिनेश कार्तिक ने की तारीफ
विंडीज के खिलाफ 69 रनों की पारी देखने के बाद कार्तिक ने क्रिकबज पर बात करते हुए शर्मा की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, “वे वर्ल्ड के सुपरपावर ओपनर बन गए हैं। उन्हें कोई ऐसा गाइड कर रहा है, जिसने लंबे समय तक दिखाया हो कि आप कितने अच्छे हो सकते हैं। अभिषेक शर्मा अच्छे खिलाड़ियों से सीख रहे हैं और आप देख सकते हैं कि वे पारी को कैसे आगे बढ़ाते हैं?”
कार्तिक ने आगे कहा, “वो जानता है कि पावरप्ले ऐसा एरिया है, जहां पर आप ज्यादा से ज्यादा बाउंड्री मार सकते हैं। उसने ऐसा करने का तरीका भी ढूंढ लिया है, जिसमें वो सफल भी हो जाता है। वो दुनिया भर की पिचों पर, हर जगह, वहां जाकर लगातार गेंदबाजों पर दबाव डालता है। जब आप सामने अभिषेक शर्मा को देखते हैं, तो आप डरते हैं, आप जानते हैं कि आपको विकेट की जल्दी जरूरत है। अगर ऐसा नहीं किया, तो वो रन बनाते हैं। मुझे ये देखकर बहुत अच्छा लगा कि वो एक ओपनर के तौर पर दुनिया का सुपरपावर बन गया है।”
अभिषेक शर्मा की तूफानी बल्लेबाजी
वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरे मुकाबले में अभिषेक शर्मा की तूफानी बल्लेबाजी देखने को मिली। उन्होंने 18 गेंदों पर ही अर्धशतक ठोक दिया था। बाएं हाथ के बल्लेबाज ने 30 गेंदों पर 69 रनों की पारी खेली, जिसमें छह चौके और पांच छक्के शामिल रहे।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal