असम पुलिस ने गुवाहाटी में दो अलग-अलग अभियानों के दौरान बिना वैध यात्रा दस्तावेजों के भारत में प्रवेश करने वाले 18 बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़ा है। इनमें 13 लोगों को बुधवार को और पांच को मंगलवार को हिरासत में लिया गया।
बुधवार को विशेष सूचना के आधार पर शहर के एक होटल में छापेमारी कर चार महिलाओं और पांच बच्चों समेत 13 बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़ा गया। वे बुधवार सुबह दिल्ली से गुवाहाटी पहुंचे थे और अपने देश लौटने की तैयारी में थे।
पूछताछ में बताया कि वे पिछले 14-15 वर्षों से श्रीनगर के पंथाचौक के आसपास अवैध रूप से रह रहे थे। श्रीनगर पुलिस की कार्रवाई के बाद वे गुवाहाटी पहुंचे थे।
इससे एक दिन पहले पुलिस ने गुवाहाटी रेलवे स्टेशन से मुंबई जाने वाली लोकमान्य तिलक टर्मिनल एक्सप्रेस से चार महिलाओं समेत पांच लोगों को पकड़ा था।
पुलिस ने बताया कि सभी ने मेघालय की सीमा से भारत में प्रवेश किया था। होटल मालिक समेत चार अन्य लोगों को बांग्लादेशियों को ठहराने और यात्रा में मदद करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए लोगों को देश से निष्कासित करने की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal