भारत और कनाडा के बीच प्रस्तावित कांप्रिहेंसिव इकोनमिक पार्टनरशिप एग्रीमेंट (सीईपीए) के लिए बातचीत का पांचवां चरण सोमवार से ओटावा में शुरू होगा। पांच दिन की बातचीत नौ अक्टूबर तक चलेगी। वार्ता का चौथा चरण नई दिल्ली में 18 सितंबर को खत्म हुआ था।
प्रस्तावित व्यापार समझौते पर तेजी से बातचीत करने का मुख्य मकसद 2026 कैलेंडर वर्ष के आखिर तक बातचीत खत्म करना है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के इस साल दिसंबर के आसपास कनाडा जाने की उम्मीद है। इसका संकेत पिछले महीने कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने दिया था।
सीईपीए एक तरह का मुक्त व्यापार समझौता है, जिसमें दो देश अपने बीच ट्रेड होने वाले ज्यादा से ज्यादा सामान पर कस्टम ड्यूटी या तो काफी कम कर देते हैं या खत्म कर देते हैं। दोनों देशों ने पहली बार 2015 में बातचीत शुरू की थी। 2015-17 के दौरान, उन्होंने प्रस्तावित समझौते पर आधा दर्जन से ज्यादा राउंड की बातचीत की। हालांकि, उसके बाद बातचीत रुक गई। मार्च 2022 में, दोनों देशों ने व्यापार समझौते पर बातचीत फिर से शुरू की।
2023 में वार्ता में एक बार फिर से उस समय व्यवधान आया जब कनाडा के तत्कालीन प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो द्वारा हरदीप सिंह निज्जर की हत्या में भारत के संभावित लिंक के आरोपों के बाद दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंध खराब हो गए थे।
नवंबर 2025 में, दोनों देशों ने प्रस्तावित फ्री ट्रेड एग्रीमेंट के लिए औपचारिक बातचीत फिर से शुरू करने का फैसला किया। पिछले साल जून में कनाडा में जी7 समिट के दौरान पीएम मोदी की अपने कनाडाई समकक्ष के साथ बातचीत के बाद दोनों देशों के बीच रिश्तों में नई जान आई।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal