भारत में 12 और 13 सितंबर को आयोजित होने वाले 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान शामिल नहीं होंगे। बांग्लादेश के विदेश मामलों के राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने दावा किया है कि उनके पीएम तारिक रहमान को ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए आमंत्रित नहीं किया गया है।
हुमायूं कबीर ने स्पष्ट किया है कि भारत की ओर से बांग्लादेश के प्रधानमंत्री को कोई व्यक्तिगत निमंत्रण नहीं भेजा गया था, बल्कि यह निमंत्रण ‘बिम्सटेक’ (BIMSNETC) के अध्यक्ष के रूप में आया था। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि बांग्लादेश इस समिट में अपना एक प्रतिनिधि भेजेगा, लेकिन उन्होंने तारिक रहमान की भागीदारी से इनकार कर दिया।
आपको किसने बताया कि हमारे पीएम को आमंत्रित किया गया?
द डेली स्टार की रिपोर्ट के अनुसार, पत्रकारों से बातचीत के दौरान हुमायूं कबीर ने कहा, “हम कैसे जाएंगे? क्या बांग्लादेश सरकार से किसी को आमंत्रित किया गया है? हमारे प्रधानमंत्री को आमंत्रित नहीं किया गया। आपको किसने बताया कि हमारे प्रधानमंत्री को आमंत्रित किया गया था? बिम्सटेक के अध्यक्ष को आमंत्रित किया गया था। तो फिर आप यह सवाल क्यों पूछ रहे हैं?”
उन्होंने कहा कि निमंत्रण बांग्लादेश के प्रधानमंत्री को नहीं, बल्कि बहुक्षेत्रीय तकनीकी और आर्थिक सहयोग के लिए बंगाल की खाड़ी पहल (बीआईएमएसटीईसी) के अध्यक्ष को भेजा गया था।
कई अंतरराष्ट्रीय नेताओं के आने की उम्मीद
गौरतलब है कि भारत 12 से 13 सितंबर तक नई दिल्ली के भारत मंडपम में 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है। यह शिखर सम्मेलन लचीलापन, नवाचार, सहयोग और स्थिरता के लिए निर्माण विषय के अंतर्गत आयोजित किया जा रहा है। इस बैठक में कई अंतरराष्ट्रीय नेताओं और उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडलों के राष्ट्रीय राजधानी में आने की उम्मीद है।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal