कर्नाटक के मंगलुरु में ब्लिंकिट से मंगाए अंडों में निकले कीड़े

कर्नाटक में क्विक-कॉमर्स कंपनियों के खिलाफ हेल्थ डिपार्टमेंट की कार्रवाई जारी है। डिपार्टमेंट को शिकायत मिली कि मंगलुरु में कीड़े लगे अंडे बेचे जा रहे हैं। शिकायतकर्ता ने ये अंडे ब्लिंकिट (Blinkit) आउटलेट से खरीदे थे।

शिकायत मिलने के साथ ही डिपार्टमेंट एक्शन मोड में आ गया। अधिकारियों ने मंगलुरु के फालनिर स्क्वायर में चल रहे ब्लिंकिट आउटलेट पर छापा मारा।

मंगलुरु में अंडों में मिले कीड़े

अधिकारियों को जांच के दौरान ब्लिंकिट आउटलेट पर खराब अंडों वाले पैकेट मिले और उन्होंने आउटलेट को तुरंत अंडे हटाने का निर्देश दिया। इस घटना ने ऑनलाइन ग्रोसरी प्लेटफॉर्म के जरिए बेचे जा रहे अंडों की क्वालिटी और सेफ्टी को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

डिपार्टमेंट को पिछले महीने एक और ऑनलाइन ग्रोसरी प्लेटफॉर्म के खिलाफ शिकायत मिली थी। बेंगलुरु में जेप्टो (Zepto) के एक वेयरहाउस में ऑर्गेनिक कचरा, फेंके हुए रैपर और बोतलें मिली थीं।

डिपार्टमेंट ने नियमों के उल्लंघन के अन्य मामले भी सामने रखे थे, जिनमें नियमों के मुताबिक लेबलिंग न होना, गलत ब्रांडिंग और खाने-पीने की चीजों को साफ-सफाई से न रखना शामिल था। हेल्थ डिपार्टमेंट ने वेयरहाउस को सील कर दिया था और फैसिलिटी को नोटिस भेजा था।

FSSAI की कार्रवाई

देशभर में कई फूड आउटलेट पर छापेमारी जारी है। भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने मुंबई से दिल्ली तक कई जगहों पर छापेमारी की।

इस हफ्ते की शुरुआत में, महाराष्ट्र के फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन ने अकोला में ब्लिंकइट को चलाने वाली कंपनी ‘ब्लिंक कॉमर्स प्राइवेट लिमिटेड’ का राज्य फूड लाइसेंस सस्पेंड कर दिया था।

यह कार्रवाई दोबारा जांच के बाद की गई, जिसमें आउटलेट पर साफ-सफाई और स्टोरेज से जुड़े नियमों का उल्लंघन पाया गया था।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com