जन्माष्टमी के भोग में धनिया पंजीरी का खास स्थान होता है। माना जाता है कि भगवान कृष्ण को धनिया की पंजीरी बेहद पसंद है। इसलिए जन्माष्टमी पर इसका भोग जरूर लगाया जाता है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि धनिया पंजीरी सिर्फ धार्मिक दृष्टि से ही नहीं, बल्कि सेहत के लिहाज से भी काफी फायदेमंद होती है।
सूखे धनिया के बीज, देसी घी और सूखे मेवों से बनी यह डिश स्वाद में भी लाजवाब होती है और सेहत के लिए भी काफी फायदेमंद होती है। आइए जानें धनिया की पंजीरी खाने से सेहत को क्या फायदा मिलता है और इसे बनाने की रेसिपी।
पाचन के लिए फायदेमंद
आयुर्वेद के अनुसार, धनिया पाचन को बेहतर बनाने में मदद करता है। ये पेट की जलन, एसिडिटी और ब्लोटिंग जैसी समस्याओं को दूर करता है। इसलिए पाचन की अग्नि संतुलित रहती है और खाना आसानी से पचता है।
मजेदार इम्युनिटी
धनिया पंजीरी में देसी घी और ड्राई फ्रूट्स का इस्तेमाल किया जाता है। देसी घी पोषक तत्वों के अब्जॉर्प्शन को बढ़ाता है। इसमें मौजूद हेल्दी फैट्स कोलेस्ट्रॉल कम करने में भी मदद करते हैं। साथ ही, ड्राई फ्रूट्स शरीर को एनर्जी देते हैं और इनमें मौजूद विटामिन सेहत के लिए काफी फायदेमंद होते हैं।
शुगर कंट्रोल
धनिया पंजीरी में आटे की जगह धनिया के सूखे बीजों का इस्तेमाल किया जाता है। धनिया का ग्लाइसेमिक इंडेक्स कम होता है, जो ब्लड शुगर लेवल कंट्रोल करने में मदद करता है।
सूजन से राहत
धनिया में भरपूर मात्रा में एंटीऑक्सीडेंट्स और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण होते हैं, जो शरीर के अंदर की सूजन को कम करने में मदद करता है।
धनिया पंजीरी बनाने के लिए सामग्री:
धनिया के बीज- 1 कप
देसी घी- 3 से 4 बड़े चम्मच
पिसी हुई चीनी (बूरा)- 1/2 कप
मखाने- 1/2 कप
सूखा नारियल- 1/4 कप
काजू और बादाम- 10-12
किशमिश और चिरौंजी- 1 बड़ा चम्मच
इलायची पाउडर- 1/2 छोटा चम्मच
धनिया पंजीरी बनाने की विधि:
सबसे पहले एक कड़ाही में धनिया के बीजों को ड्राई रोस्ट कर लें। जब ये बीज भुन जाएं, तो इन्हें निकाल लें और हल्का ठंडा करके मिक्सी में पीस लें।
अब एक कड़ाही में एक बड़ा चम्मच घी गरम करें और इसमें कटे हुए मखाने, काजू और बादाम डालकर धीमी आंच पर फ्राई करें। जब इनका रंग गोल्डन ब्राउन हो जाए, तब इन्हें निकालकर एक प्लेट में रख लें।
अब उसी कड़ाही में 2-3 चम्मच घी डालें और इसमें पीसे धनिया पाउडर डालकर धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए भुनें। जब धनिया से खुशबू आने लगे और रंग हल्का बदल जाए, तब तक इसे भुनें।
अब इसमें भुने हुए ड्राई फ्रूट्स, कद्दूकस किया हुआ नारियल, बूरा और इलायची पाउडर डालकर अच्छी तरह मिक्स करें और गैस बंद कर दें।
भगवान को भोग लगाने के लिए धनिया पंजीरी तैयार है। भोग लगाते समय इसके ऊपर तुलसी के पत्ते जरूर रखें।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal