सुशांत सिंह राजपूत की बहन श्वेता सिंह कीर्ति रक्षाबंधन से एक दिन पहले काफी इमोशनल हो गई हैं। उन्होंने ‘दिल बेचारा’ एक्टर के साथ बचपन की तस्वीरों को शेयर करते हुए कई ऐसे किस्से बताए हैं, जिनके बारे में शायद सुशांत सिंह राजपूत के फैंस को अभी तक नहीं पता था। इस दौरान श्वेता सिंह कीर्ति काफी भावुक भी हो गईं।
सुशांत के साथ बचपन के राखी सेलिब्रेशन की तस्वीरें की शेयर
सुशांत सिंह राजपूत की बड़ी बहन श्वेता सिंह कीर्ति ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर बचपन में राखी सेलिब्रेशन की तस्वीरें शेयर की। जहां पहली फोटो में सुशांत पैरों के साथ खेल रहे हैं और श्वेता एकटक भाई को देख रही हैं, तो वहीं दूसरी फोटो में श्वेता राखी वाले दिन एक्टर को मिठाई खिला रही हैं। अन्य फोटो में नन्हें सुशांत कुर्सी पर बैठे हुए हैं और उनकी मां और सभी बहनों ने उन्हें घेरा हुआ है।
बचपन की इन यादों को ताजा करते हुए श्वेता सिंह कीर्ति ने लिखा, “मुझे आज भी वो दिन याद हैं, जब मुझे अपने सारे खिलौने तुम्हारे साथ बांटकर खुशी मिलती थी। मेरी इकलौती डॉल और किचन सेट जो मुझे गिफ्ट में मिला था, कहीं न कहीं मुझे ये चीजें खुशी देती थीं कि तुम उन खिलौनों से खेल रहे हो।”
बचपन में इस चीज के लिए सुशांत से लड़ती थीं उनकी बहन
श्वेता ने बचपन की यादों को ताजा करते हुए आगे लिखा, “हालांकि, जब बात स्वीट की आती थी, जो हम दोनों को ही बहुत पसंद थे, तो एक अलग ही कहानी होती थी। मैं इस बात को सुनिश्चित करती थी कि हम दोनों एक समान ही मीठा खाए। किसी को भी ज्यादा नहीं मिलेगा, कोई कम नहीं खाएगा।”
श्वेता ने अपनी भावनाओं को व्यक्त करते हुए आगे लिखा, “जब मैं तुम्हें रक्षाबंधन पर कलाकंद खिला रही हूं, तो मेरा चेहरा देखो। मुझे याद है कि मैं उसे बिल्कुल आधा हिस्सा देने को लेकर कितनी सतर्क थी, सिर्फ मेरे एक्सप्रेशन देखो। कैसे मैं ध्यान रख रही हूं कि कहीं तुम मिठाई की बड़ी बाइट न ले लो। ये कुछ मेमोरी है जो हमेशा मैं दिल के करीब रहूंगी।”
‘अगले जन्म में तुम मेरी बड़ी बहन बनना’
श्वेता सिंह कीर्ति ने आगे लिखा, “भाई अगर मेरा अगला जन्म होता है, तो तुम्हें मेरी बड़ी और लविंग बहन बनकर आना होगा। मैं शरारती, प्यारा बिगड़ैल भाई बनकर आऊंगी, जो तुम थे। अगर मैं अपनी जिंदगी के बिताए सभी पलों में से किसी पल को अपने दिल के करीब रखना चाहूंगी, तो वह ये पल ही होगा। यहां हम सब हैं एक साथ, बिल्कुल वैसे ही हैं, जैसे हम हैं। हमेशा के लिए खूबसूरत यादों में कैद।”
रक्षाबंधन की बहुत-बहुत शुभकामनाएं भाई। आप भगवान की गोद में हमेशा सुरक्षित रहें। आपको बता दें कि सुशांत सिंह राजपूत का निधन 14 जून 2020 को हुआ था। एक्टर के निधन से उनके परिवार के साथ-साथ चाहने वाले भी काफी टूट गए थे।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal