भारत और अफगानिस्तान के बीच सितंबर में टी20 इंटरनेशनल सीरीज खेली जाएगी। अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने इस सीरीज के मीडिया अधिकार पाकिस्तान आधारित कंपनी ट्रांसग्रुप को दिए हैं। यह कंपनी पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) से भी जुड़ी हुई है।
याद दिला दें कि भारत के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल सीरीज के लिए अफगानिस्तान ने 12 अगस्त को अपने स्क्वाड की घोषणा की थी। अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) ने अपने बयान में कमर्शियल और ब्रॉडकास्ट पार्टनर्स का उल्लेख करते हुए कहा, ‘वैनी एसीबी के लंबे समय के क्लोथिंग पार्टनर के रूप में जारी रहेगा। ट्रांसग्रुप एसीबी के वैश्विक मीडिया अधिकार सिंडीकेशन पार्टनर के रूप में सेवा देंगे। टीपीटी360 मीडिया प्रोडक्शन पार्टनर और फैनकोड आधिकारिक स्ट्रीमिंग पार्टनर होगा।’
अफगानिस्तान करेगा मेजबानी
अफगानिस्तान के लिए भारत के खिलाफ आगामी टी20 इंटरनेशनल सीरीज महत्वपूर्ण है। अफगानिस्तान पहली बार दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय सीरीज की मेजबानी करेगा। हालांकि, यह मुकाबले भारत में खेले जाएंगे। बता दें कि अफगानिस्तान अपने घरेलू मुकाबलों के लिए विदेशी स्थानों का उपयोग करता आया है।
ऐसा इसलिए क्योंकि अफगानिस्तान में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की सुविधाओं की कमी है और पिछले कुछ सालों से उसे भारत और यूएई से मदद मिली है। अफगानिस्तान को इन दोनों जगहों पर अपना बेस बनाने का मौका मिला।
टी20 सीरीज का कार्यक्रम
बता दें कि भारत और अफगानिस्तान के बीच तीन टी20 इंटरनेशनल मैचों की सीरीज खेली जाएगी। यह तीनों मुकाबले अरुण जेटली स्टेडियम में खेले जाएंगे।
13 सितंबर 2026 – पहला टी20 आई
15 सितंबर 2026 – दूसरा टी20 आई
17 सितंबर 2026 – तीसरा टी20 आई
इस सीरीज से दोनों देशों के बढ़ते क्रिकेट रिश्ते को मजबूती मिलेगी। पिछले कुछ समय से भारत और अफगानिस्तान तीनों प्रारूपों में एक-दूसरे का सामना करती आ रही हैं।
भारत का मजबूत प्रदर्शन
अफगानिस्तान ने जून 2026 में भारत का दौरा किया था, जहां उसने एकमात्र टेस्ट और तीन वनडे मैचों की सीरीज खेली थी। भारत ने एकमात्र टेस्ट जीतने के बाद धर्मशाला, लखनऊ और चेन्नई में खेले गए तीन वनडे में अफगानिस्तान का क्लीन स्वीप किया।
पता हो कि भारत और अफगानिस्तान के बीच आखिरी बार टी20 इंटरनेशनल सीरीज जनवरी 2024 में खेली गई थी। तब भारत ने 3-0 से अफगानिस्तान का क्लीन स्वीप किया था। इस सीरीज का तीसरा टी20 इंटरनेशनल बेहद नाटकीय मोड़ पर खत्म हुआ था। दोनों टीमों ने 212 रन बनाकर मैच टाई किया और फिर भारत ने दूसरे सुपर ओवर में मैच जीता था।
Live Halchal Latest News, Updated News, Hindi News Portal