बाणसागर बांध के तीन गेट खोले गए, सोन नदी में छोड़ा जाएगा 304 क्यूमेक्स पानी

बाणसागर बांध के अपस्ट्रीम क्षेत्र में बढ़ते जलस्तर और पानी की आवक को देखते हुए जल संसाधन विभाग ने सोमवार रात तीन रेडियल गेट आधा-आधा मीटर खोले। बांध का जलस्तर 340.64 मीटर और पानी की आवक 2,076 क्यूमेक्स दर्ज की गई। तीनों गेटों से करीब 304 क्यूमेक्स पानी सोन नदी में छोड़ा जाएगा।

बाणसागर बांध के अपस्ट्रीम क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे जलस्तर को देखते हुए जल संसाधन विभाग ने सोमवार रात आठ बजे के बाद बांध के तीन रेडियल गेट खोल दिए। गेट नंबर 9, 8 और 7 को क्रमशः खोला गया और प्रत्येक गेट को आधा-आधा मीटर तक खोला गया। गेट खोलने के दौरान जल संसाधन विभाग के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।

पूर्ण जलभराव से एक मीटर नीचे है जलस्तर
सोमवार दोपहर 12 बजे बाणसागर जलाशय का जलस्तर 340.64 मीटर दर्ज किया गया, जो पूर्ण जलभराव स्तर (FRL) 341.64 मीटर से महज एक मीटर नीचे है। वहीं, बांध में पानी की आवक 2,076 क्यूमेक्स दर्ज की गई। जलस्तर और पानी की लगातार बढ़ती आवक को देखते हुए विभाग ने गेट खोलने का निर्णय लिया।

निचले इलाकों में अलर्ट
जल संसाधन विभाग, रीवा के मुख्य अभियंता गंगा कछार के निर्देशानुसार खोले गए तीनों गेटों से स्पिलवे के माध्यम से करीब 304 क्यूमेक्स पानी सोन नदी में छोड़ा जाएगा। पानी छोड़े जाने के बाद सोन नदी के जलस्तर में बढ़ोतरी की संभावना को देखते हुए नदी के निचले क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ा दी गई है। विभाग ने मैदानी अमले को अलर्ट रखते हुए अपने-अपने स्तर पर आवश्यक सूचना और सतर्कता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, बाणसागर बांध के अपस्ट्रीम में डूब क्षेत्र से लगे इलाकों में रहने वाले लोगों से जलभराव और नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए सावधानी बरतने की अपील की गई है।

प्रशासन ने लोगों से सोन नदी और बाणसागर जलाशय के आसपास जाने से बचने तथा नदी पार करने का प्रयास नहीं करने की अपील की है। अधिकारियों द्वारा बांध के जलस्तर, पानी की आवक और गेटों से छोड़े जा रहे पानी की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com