बदायूं में भीषण हादसा: गंगा एक्सप्रेसवे पर कुत्ता सामने आने से पलटी कार

बदायूं के वजीरगंज क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे पर मंगलवार देर रात भीषण हादसा हो गया। अचानक कुत्ता सामने से अनियंत्रित हुई कार एक्सप्रेसवे पर पलट गई। हादसे में दो महिलाओं समेत तीन की मौत हो गई। छह लोग घायल हुए हैं।

बदायूं के वजीरगंज थाना क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे पर मंगलवार देर रात करीब तीन बजे किमी नंबर 175 के पास एक कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में कार सवार दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक समेत सात लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया। एक घायल युवक ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।

कार चालक के मुताबिक अचानक कुत्ता सामने आने से हादसा हुआ है। मौके पर कुत्ता भी मरा पड़ा मिला। कार की स्थिति देखने से लग रहा है कि पलटने के दौरान कार ने कई पलटी खाई। इसके चलते कार चारों ओर से काफी क्षतिग्रस्त हुई है। माना जा रहा है कि कार की रफ्तार काफी तेज रही होगी।

पुलिस के अनुसार, अर्टिगा गाड़ी CH02AA4318 में चालक समेत नौ लोग सवार थे। सभी अलग-अलग परिवारों के बताए जा रहे हैं। ये कार रुपैडिया नेपाल से चंडीगढ़ जा रही थी। किमी नंबर 175 के पास अचानक सड़क पर कुत्ता आ गया। उसे बचाने के प्रयास में चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार पलट गई।

ये लोग हुए हादसे का शिकार
हादसे में नेपाल के जिला डांग निवासी दीपना खात्री (32 वर्ष) पत्नी नेमबहादुर और विपना सुनमगर (32) पत्नी विशाल की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं चालक दीपक ओली (28), पुष्पा (40), ज्ञान बहादुर मल्ल (22), यादव पोडे (22), विनोद (2), सिमोन (10) और एक अज्ञात व्यक्ति घायल हुआ है।

सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। जहां अज्ञात घायल ने भी दम तोड़ दिया। पुलिस ने दोनों शवों को सीएचसी वजीरगंज में रखवाकर पंचायतनामा की कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस के मुताबिक मृतका विपना सुनमगर के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। दुर्घटनाग्रस्त कार को एक्सप्रेसवे के रेस्ट एरिया में खड़ा करा दिया गया है।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com