जालंधर में हादसा: सीएनजी सिलेंडरों से भरे ट्रक और रेत के टिप्पर की जोरदार टक्कर

जालंधर-लुधियाना नेशनल हाईवे पर गोराया में मेन चौक के पुल के ऊपर सीएनजी सिलेंडरों से भरे ट्रक और रेत से लदे टिप्पर की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीर ने तुरंत इसकी सूचना सड़क सुरक्षा फोर्स (एसएसएफ) को दी।

सूचना मिलते ही एसएसएफ की टीम इंचार्ज सरबजीत सिंह के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सीएनजी सिलेंडरों से भरे ट्रक का ड्राइवर कैबिन में फंस गया। एसएसएफ जवानों ने स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद ड्राइवर को कैबिन से बाहर निकाला और एंबुलेंस की मदद से सिविल अस्पताल फिल्लौर भेजा।

वहीं, रेत से भरे टिप्पर के ड्राइवर संदीप ने बताया कि सीएनजी सिलेंडरों वाला ट्रक पीछे से आकर उसके टिप्पर से टकरा गया। टक्कर के कारण टिप्पर का टायर पंचर हो गया, जबकि सीएनजी ट्रक को भारी नुकसान पहुंचा और उसका अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। फिलहाल हादसे के सटीक कारणों की जांच की जा रही है। राहत की बात यह है कि समय रहते एसएसएफ टीम ने मौके पर पहुंचकर घायल ड्राइवर को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।

Powered by themekiller.com anime4online.com animextoon.com apk4phone.com tengag.com moviekillers.com